बागपत के चीनी मिल में जहरीली गैस रिसाव, एक कर्मचारी की मौत, पांच अन्य की तबीयत खराब
बागपतः बागपत जिले के बड़ौत क्षेत्र स्थित मलकपुर चीनी मिल में मंगलवार देर शाम अपशिष्ट निस्तारण संयंत्र में जहरीली गैस का रिसाव होने से एक बुजुर्ग कर्मचारी की मौत हो गई तथा पांच अन्य गम्भीर रूप से बीमार हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मलकपुर चीनी मिल में मंगलवार देर शाम अपशिष्ट निस्तारण संयंत्र से अचानक जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया जिसके संपर्क में आने से चीनी मिल के सुरक्षा गार्ड सुरेश शर्मा (62) समेत छह लोग बेहोश हो गए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया लेकिन तब तक शर्मा की मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि इस घटना में पांच अन्य कर्मचारी बीमार हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनमें से हमीद और साकिब की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि शीर्ष अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा गैस रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी प्रकार का गैस रिसाव नहीं हो रहा है।
