KKR से बड़े से जीत छीनने वाले कौन हैं मुकुल चौधरी? 2.60 करोड़ के 'फिनिशर' ने लखनऊ को दिलाई रोमांचक जीत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः आईपीएल 2026 के शुरुआती दौर में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने जब 21 वर्षीय मुकुल चौधरी पर 2.60 करोड़ रुपये खर्च किए, तो कई लोगों को यह फैसला थोड़ा जोखिम भरा लगा। लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मैच में इस युवा बल्लेबाज ने साबित कर दिया कि फ्रेंचाइजी का भरोसा बिल्कुल सही था।

मैच की स्थिति बेहद कठिन थी। लखनऊ को 182 रनों का लक्ष्य हासिल करना था और 16वें ओवर में टीम का स्कोर सिर्फ 128 रन था, उस समय सात विकेट भी गिर चुके थे। हार लगभग तय नजर आ रही थी। ठीक इसी वक्त मुकुल चौधरी ने कमान संभाली और मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। उन्होंने मात्र 27 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 54 रनों की तूफानी पारी खेली और लखनऊ सुपर जायंट्स को शानदार जीत दिला दी।

पिता का सपना साकार कर रहे हैं मुकुल

राजस्थान के झुंझुनू जिले से ताल्लुक रखने वाले मुकुल चौधरी के पिता का हमेशा से यही सपना था कि उनका बेटा एक बड़ा क्रिकेटर बने। मुकुल ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके जन्म से पहले ही पिता उन्हें क्रिकेटर देखना चाहते थे। परिवार को शुरुआती दिनों में आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा, फिर भी पिता ने कभी हार नहीं मानी और बेटे को क्रिकेट की बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराईं। 

मुकुल बचपन से ही टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बड़े प्रशंसक रहे हैं और उन्हीं की तरह फिनिशर की भूमिका निभाने का सपना देखते हैं।

ड्वेन ब्रावो की बराबरी कर ली

इस धमाकेदार पारी के दौरान मुकुल चौधरी ने आईपीएल इतिहास में एक खास रिकॉर्ड अपनी नाम कर लिया। नंबर 7 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सफल रन चेज में 7 छक्के लगाने वाले वह ड्वेन ब्रावो के बाद सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। ब्रावो ने यह कमाल साल 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से मुंबई इंडियंस के खिलाफ किया था। मुकुल की इस पारी ने न सिर्फ मैच जिताया बल्कि पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान भी अपनी ओर खींच लिया।

21 साल की उम्र में इतना आत्मविश्वास और फिनिशिंग स्किल देखकर लगता है कि लखनऊ सुपर जायंट्स को भविष्य के लिए एक सच्चा मैच-विनर मिल गया है। मुकुल चौधरी की यह पारी आईपीएल 2026 के सबसे यादगार क्षणों में शुमार हो गई है।

संबंधित समाचार