Norway Chess Tournament : प्रज्ञानानंदा ने कार्लसन को हराया, गुकेश का खराब फॉर्म जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

ओस्लो। आर प्रज्ञानानंदा ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को यहां नॉर्वे शतरंज के तीसरे दौर के रोमांचक मुकाबले में हराकर पूरे तीन अंक ले लिये जबकि मौजूदा विश्व चैम्पियन डी गुकेश का खराब फॉर्म जारी रहा। गुकेश को अलीरजा फिरोजा ने आर्मागेडोन (सडन डैथ टाइब्रेकर) पर हराया चूंकि बाजी ड्रॉ रही थी। 

इस साल टूर्नामेंट में कार्लसन चिर परिचित फॉर्म में नहीं दिख रहे थे लेकिन सात बार के चैम्पियन को उसके देश में हराना विश्व शतरंज की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। बुकारेस्ट में सुपरबेट शतरंज क्लासिक रोमानिया में शानदार प्रदर्शन करके आये प्रज्ञानानंदा ने उस लय को कायम रखा । 

इस जीत के बाद उनके 4.5 अंक हो गए हैं और वह दूसरे स्थान पर हैं । फिरोजा 7.5 अंक लेकर शीर्ष पर हैं । गुकेश के 3.5 अंक है और वह छह खिलाड़ियों के ओपन वर्ग में चौथे स्थान पर हैं । कार्लसन 1.5 अंक लेकर छठे स्थान पर है । प्रज्ञानानंदा ने 2024 में इसी टूर्नामेंट में क्लासिकल प्रारूप में पहली बार कार्लसन को हराया था । 
फिरोजा रोमानिया में लगी चोट के कारण व्हीलचेयर पर आयोजन स्थल से गए और मून बूट पहनकर आये थे । उन्हें दर्द हो रहा था लेकिन उससे पार पाते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया । गुकेश का खराब फॉर्म चिंता का सबब है क्योंकि उन्हें इस साल के आखिर में जावोखिर सिंडारोव के खिलाफ विश्व चैम्पियनशिप मुकाबला खेलना है । 

प्रज्ञानानंदा ने जीत के बाद कहा ,'' इस जीत में जश्न मनाने जैसा कुछ नहीं है । यह सिक्के की उछाल जैसा है जिसमें मैं भी जीत सकता था और मैग्नस भी । मुझे इस प्रदर्शन पर बहुत गर्व नहीं है लेकिन खुश हूं कि पहले हाफ में अच्छा खेला लेकिन टाइम कंट्रोल में बाजी किसी भी तरफ जा सकती थी ।'' 

अब बृहस्पतिवार को कार्लसन का सामना गुकेश से होगा । महिला वर्ग में दिव्या देशमुख ने टूर्नामेंट में तीसरी बार आर्मागेडोन पर जीत दर्ज की और इस बार बिबिसेरा असायुबायेवा को हराया । अब वह 4.5 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है जबकि बिबिसेरा उनसे एक अंक आगे है । दो बार की विश्व रैपिड चैम्पियन कोनेरू हम्पी को गत चैम्पियन अन्ना मुजिचुक ने हराया । हम्पी दो अंक लेकर छठे स्थान पर है ।  

संबंधित समाचार