ऑरेंज कैप पर कब्जा किये बैठे सूर्यवंशी; भुवनेश्वर कुमार से रबाडा ने छीनी पर्पल कैप; फाइनल मैच में तय होगा कौन है हकदार
दिल्ली। आईपीएल 2026 के दौरान ऑरेंज कैप की रेस में लंबे समय तक बने रहने वाले तीन बल्लेबाज़ शुक्रवार रात न्यू चंडीगढ़ में क्वालीफ़ायर 2 के दौरान मैदान पर थे। ऐसे में यह लगभग तय था कि ऑरेंज कैप की सूची में कोई बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं पर्पल कैप की सूची में भी बड़ा बदलाव हुआ और नंबर एक पर अब भुवनेश्वर कुमार नहीं हैं।
ऑरेंज कैप तालिका
वैभव सूर्यवंशी, बी साई सुदर्शन और शुभमन गिल तीनों ने बड़े मैच में अपनी छाप छोड़ी। सबसे पहले सूर्यवंशी बल्लेबाज़ी करने उतरे। पिछले मैच में वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज़ शतक बनाने के बेहद क़रीब पहुंचे थे। इस बार परिस्थितियां कुछ अलग थीं और उन्होंने थोड़ा संयम दिखाया, लेकिन फिर भी 47 गेंदों में 96 रन की शानदार पारी खेली। वह अपने सीज़न के दूसरे शतक से चूक गए, लेकिन इससे उनके अभियान की चमक कम नहीं हुई।
सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 का अंत 776 रन के साथ किया। इससे भी ज़्यादा हैरान करने वाली बात उनका 237.30 का स्ट्राइक रेट रहा। हालांकि इस मैच के सबसे बड़े सितारे गिल रहे। उन्होंने जीटी की रन चेज़ को 53 गेंदों में 104 रन बनाकर आगे बढ़ाया।
इस शतक के साथ उनके सीजन के रन 722 हो गए। वह अब भी सूर्यवंशी से 54 रन पीछे हैं, लेकिन उनके पास फ़ाइनल खेलने का मौक़ा बाक़ी है। साई सुदर्शन भी इसी स्थिति में हैं। उन्होंने गिल के साथ पहले विकेट के लिए 167 रन जोड़े और 32 गेंदों में 58 रन बनाए। हालांकि लगातार दूसरे मैच में वह हिट विकेट होकर आउट हुए।
इसके बावजूद उनके नाम अब 710 रन हो चुके हैं। जब जीटी रविवार को फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से भिड़ेगी, तब गिल और सुदर्शन दोनों की नजर आईपीएल ट्रॉफ़ी के साथ ऑरेंज कैप पर भी होगी। वहीं विराट कोहली के लिए ऑरेंज कैप जीतना अब मुश्किल दिखाई देता है। आरसीबी के सबसे सफल बल्लेबाज़ कोहली फ़िलहाल 600 रन पर हैं।
पर्पल कैप तालिका
लंबे समय तक पर्पल कैप अपने पास रखने वाले भुवनेश्वर कुमार आख़िरकार शीर्ष स्थान से हट गए हैं। उनके सबसे क़रीबी प्रतिद्वंद्वी कगिसो रबाडा ने अब पर्पल कैप पर कब्ज़ा कर लिया है।
रबाडा ने आरआर की पारी के दूसरे ओवर में ध्रुव जुरेल का विकेट लिया और फिर 18वें ओवर में सूर्यवंशी को आउट किया। इन दो विकेटों के साथ रबाडा के कुल विकेट 28 हो गए हैं। वह भुवनेश्वर से दो विकेट आगे निकल चुके हैं। अब फ़ाइनल में दोनों गेंदबाज़ आमने-सामने होंगे।
जोफ्रा आर्चर भी पर्पल कैप की दौड़ में बने हुए थे। लगातार दो मैचों में तीन विकेट लेने के बाद उनसे उम्मीदें थीं, लेकिन जीटी के ख़िलाफ़ वह एक विकेट लेकर 45 रन दे बैठे। उन्होंने सीज़न का अंत 25 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर किया।
राशिद ख़ान इस मैच में विकेट नहीं ले सके और दो ओवर में 45 रन ख़र्च कर बैठे। लेकिन जेसन होल्डर ने सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाज़ी के बीच भी शानदार नियंत्रण दिखाया और चार ओवर में 27 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
ये भी पढ़ें :
IPL Final : टाइटंस से टक्कर, लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतने मैदान पर उतरेगी डिफेंडिंग चैंपियन RCB
