आईजीआरएस रैंकिंग : बरेली का प्रदेश में दूसरा स्थान, दो माह से बरकरार रखा स्थान
बरेली, अमृत विचार। शासन स्तर से आईजीआरएस की जनवरी की रैंकिंग सोमवार की रात जारी कर दी गयी। बरेली प्रशासन ने रैंकिंग में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बरेली दो माह से इसी पायदान पर जमा हुआ है।
इसके साथ तहसील नवाबगंज, सदर एवं फरीदपुर ने भी उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करते हुए प्रदेश स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है। दरअसल, माह दिसंबर 2025 में जनपद को प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ था, जो निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शा रहा है।
आईजीआरएस में तहसीलवार रैंकिंग में जनपद की तीन तहसीलों ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि तहसील मीरगंज ने 64वां, तहसील बहेड़ी ने 134 वां और तहसील आंवला ने 155 वां स्थान प्राप्त किया। सबसे खराब स्थिति तहसील आंवला की है।
प्रदेश में बरेली दूसरे नंबर पर जमे रहने से माना जा रहा है कि जिलाधिकारी अविनाश सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन जनसुनवाई प्रणाली को और सुदृढ़ कर रहा है। जनसमस्याओं के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण की कार्रवाई निरंतर की जा रही है।
