Bareilly: कैफे में छात्रा के साथ गैंगरेप, पहले दोस्त ने किया, फिर साथियों से कराया, 7 पर FIR
भोजीपुरा, अमृत विचार। मार्कशीट लेने जा रही मदरसे की छात्रा से कैफे में गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नाबालिग लड़की को पहले उसका दोस्त बहाने से ले गया था और रेप कर अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद ब्लैकमेल करते हुए छात्रा से दूसरे बार 7 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। हालत बिगड़ने पर परिवार को पता लगा तो थाने में शिकायत की गई। पुलिस ने घटना में शामिल कैफे संचालक सहित 7 लोगों के खिलाफ पॉक्सो सहित संगीन धाराओं में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भोजीपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग किशोरी मदरसे में पढ़ती है। 19 मार्च को उसे खजुरिया निवासी असद हैदर उर्फ करन फुसलाकर जादौंपुर स्थित एक कैफे में ले गया। कैफे की छत पर बने कमरे में असद ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और उसके अश्लील वीडियो भी बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसने छात्रा को चुप रहने के लिए मजबूर कर दिया। डर के मारे छात्रा ने परिजनों को कुछ नहीं बताया।
घटना के पांच दिन बाद 2 अप्रैल को छात्रा जादौंपुर के पास स्कूल से अंकपत्र लेने जा रही थी। तभी कस्बे का चांद उसो मिला और बाइक पर बिठाकर फिर उसी कैफे में ले गया। वहां असद हैदर के साथ छह अन्य युवक पहले से मौजूद थे। आरोप है कि चांद के साथ उसके साथियों ने बारी-बारी से छात्रा के साथ दरिंदगी की। फिर जान से मारने व वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
शैतानों ने पहले रेप, फिर किया गैंगरेप
पांच दिन में दो बार रेप व गैंगरेप का शिकार बनी पीड़ित छात्रा कैफे में हैवानियत के बाद किसी तरह घर पहुंची। उसकी तबियत खराब थी। परेशान होकर उसने घरवालों से दवा दिलाने को कहा। उसकी हालत देख परिजनों ने समझाकर पूछताछ की, तब उसने रोते हुए आपबीती सुनाई। बेटी के साथ हुई घटना से परिवार परेशान हो गया। छात्रा के ताऊ ने कार्रवाई के लिए थाना भोजीपुरा में शिकायत की तो पुलिस तुरंत कार्रवाई में जुट गई। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी असद हैदर उर्फ करन निवासी खजुरिया के अलावा चांद, समीर अहमद, बंटी, सैफी (कैफे संचालक) व दो अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी नार्थ मुकेश चन्द्र मिश्र का कहना है कि पुलिस तेजी से जांच में जुटी है। दोषियों पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा।
