Bareilly: सीएम के आगमन का इंतजार...रामायण वाटिका और रुद्रावनम तैयार
बरेली, अमृत विचार। नाथनगरी बरेली में बहुप्रतीक्षित रामायण वाटिका और रुद्रावनम पार्क के उद्घाटन को लेकर एक बार फिर सुगबुगाहट तेज हो गई है। बीते वर्ष दिसंबर माह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण ने दोनों परियोजनाओं में तैयारियां अंतिम रूप तक पहुंचा दी थीं।
हालांकि, मुख्यमंत्री 11 दिसंबर को राज्यपाल संतोष गंगवार के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होकर ही लखनऊ वापस लौट गए थे, जिससे उद्घाटन टल गया था। अब एक बार फिर फरवरी में मुख्यमंत्री के शहर आगमन की संभावना जताई गई है। हालांकि इसके लिए अभी कोई स्पष्ट तिथि नहीं बताई जा सकी है।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने बताया कि रामायण वाटिका प्राधिकरण की सबसे महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक पार्क नहीं, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय सोच का संगम है। रुद्रावनम पार्क में अत्याधुनिक लैंडस्केपिंग, वॉटर बॉडीज और हरित क्षेत्र का विकास कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं, रामायण वाटिका में मियावाकी तकनीक से विकसित घना वन क्षेत्र, आकर्षक मूर्तिकला और इंस्टॉलेशन लगाए गए हैं, जो लोगों को रामायण काल से जोड़ने का अनुभव देंगे।
दोनों स्थलों को उद्घाटन की तैयारियां विभाग के स्तर पर पूरी की जा चुकी है। प्राधिकरण सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बरेली दौरा फरवरी माह में किसी भी समय तय किया जा सकता है। ऐसे में संभावना है कि वह रामायण वाटिका का औपचारिक शुभारंभ करेंगे और भगवान शिव को समर्पित रुद्रावनम पार्क का भूमि पूजन भी करेंगे। इसके साथ ही शहर में चल रही और प्रस्तावित कई विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल किया जा सकता है। फिलहाल बीडीए अधिकारियों को शासन स्तर से अंतिम हरी झंडी मिलने का इंतजार है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक अमला भी अलर्ट मोड में है।
शहर की पहचान को नया आयाम देगी रामायण वाटिका
बीडीए वीसी का कहना है कि करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से बनी यह वाटिका उत्तर भारत की पहली ऐसी परियोजना है, जहां रामायण के विभिन्न प्रसंगों को चौपाइयों और दृश्य रूपांतरणों के माध्यम से जीवंत किया गया है। यहां एक विशेष पैदल पथ भी बनाया गया है, जिसके दोनों ओर भगवान राम के वनवास यात्रा के दृश्य और उससे जुड़े औषधीय पौधे लगाए गए हैं, जिनका उल्लेख रामायण में रामबाण वन के दौरान आता है। वाटिका में कैंटीन, प्लेग्राउंड और बच्चों के लिए मनोरंजन क्षेत्र भी विकसित किया गया है, जिससे यह स्थान न केवल भक्ति का केंद्र बनेगा बल्कि परिवारों के लिए एक आकर्षक पर्यटन स्थल भी होगा।
रामायण वाटिका वाली खबर में वीसी का वर्जन
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने बताया कि रामायण वाटिका और रुद्रावनम पार्क प्राधिकरण के प्रमुख ड्रीम प्रोजेक्ट हैं। दोनों पार्कों में सभी निर्माण और हरित क्षेत्र संबंधी कार्य पूरे हो चुके हैं। यह परियोजनाएं न सिर्फ शहरवासियों के लिए बल्कि दूर-दराज के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेंगी। उद्घाटन के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
