अमेठी में सोते समय दलित किसान की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में सनसनी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अमेठी। उत्तर प्रदेश में अमेठी के मोहनगंज थाना कोतवाली क्षेत्र के पूरे घिसई लीही गाँव में एक दलित किसान की सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि पूरे घिसई लीही निवासी शिव प्रसाद पासी (54) खेत में शोर बारा बना कर रखवाली करते थे। शनिवार को देर शाम करीब साढ़े आठ बजे घर से खाना खाकर खेत में जानवर व गेहूं फसल की रखवाली करने चले गए थे। 

रविवार की सुबह गांव के कुछ लोग शौच क्रिया के लिए गए। वहां आवाज लगाने के बाद जब झोपड़ी से कोई आवाज नहीं मिली। तब सभी लोग अंदर जाकर देखने पर शिवप्रसाद का रक्तरंजित शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में शुरु कर दी है। मृतक के पौत्र ने बताया कि वह ड्यूटी करने गया था। 

फोन पर सूचना मिलने पर यहां पहुंचा है। उसने बताया कि हम लोगों की किसी से दुश्मनी नहीं थी। पूरे मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा गया है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

संबंधित समाचार