सुबह भोले का रंग.... शाम को जीत की उमंग, T20 विश्वकप में पाकिस्तान पर जीत के बाद शहर में मना जश्न
लखनऊ, अमृत विचार: महाशिवरात्रि पर शहर के लोग सुबह से ही भगवान शिव की भक्ति के रंग में रंगे रहे। शाम को सात बजे टी-20 विश्वकप में पाकिस्तान व भारत का मैच शुरू होते ही क्रिकेट के दीवाने टेलीविजन और मोबाइल पर मैच देखने में व्यस्त हो गए। पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा के रूप में भारत को पहला झटका लगने से मैच देख रहे लोगों को निराश हुई, लेकिन जैसे के स्कोर के साथ क्रिकेट प्रेमियों जोश भी बढ़ता गया। दूसरी पारी के शुरुआती ओवर में ही पाकिस्तान के विकेट गिरने से उत्साह और बढ़ गया। मैच जीतते ही जीत की उमंग में मतवाले क्रिकेट प्रेमी तिरंगा लेकर सड़क पर उतर आए और हर-हर महादेव व भारत माता की जय के जयकारे लगाने लगे।
हजरतगंज की गलियों से लेकर गोमती नगर के चौराहों तक, हर जगह बस तिरंगा और उत्साह ही नजर आ रहा था। युवाओं की टोली हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे भारत माता की जय के नारे लगा रही थी। ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते क्रिकेट प्रेमियों ने माहौल को उत्सव में बदल दिया। शहर के प्रमुख इलाकों जैसे अमीनाबाद, राजाजीपुरम, 1090 चौराहे, कुंडरी रकाबगंज, शास्त्रीनगर, महानगर, आलमबाग, अलीगंज गोमतीनगर, गोमती नदी के आसपास, आलमबाग, जानकीपुरम, आशियाना, पुरनिया, कपूरथला चौराहा सहित चौक में आधी रात के बाद भी ट्रैफिक थम सा गया था, क्योंकि हर कोई इस ऐतिहासिक जीत की खुशी साझा करने सड़क पर था।
आसमान में बिखरे आतिशबाजी के रंग
जीत की घोषणा होते ही शहर के आसमान में आतिशबाजी के रंग बिखर गए। पटाखों की गूंज और रोशनी ने ऐसा भ्रम पैदा कर दिया मानो अक्टूबर-नवंबर की दीपावली मार्च में ही लौट आई हो। लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और गले मिलकर इस महाजीत की बधाई दी। क्रिकेट प्रशंसकों के बीच ईशान किशन और जसप्रीत बुमराह के प्रदर्शन की सबसे ज्यादा चर्चा रही। समर्थकों का कहना था कि बुमराह की धारदार गेंदबाजी और ईशान के आक्रामक तेवरों ने मैच को एकतरफा बना दिया। वहीं सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे के रोमांचक खेल ने दर्शकों की धड़कनें बढ़ाए रखीं।
विश्वकप जीतने जैसा है यह गौरव
सड़कों पर उमड़े बुजुर्गों और युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। समर्थकों का साफ मानना था कि पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत किसी विश्व विजय से कम नहीं होती। एक उत्साहित युवा ने कहा, हमारे लिए पाकिस्तान को हराना ही विश्वकप जीतने जैसा है। टीम इंडिया के इन शूरवीरों ने आज 140 करोड़ देशवासियों का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है।
