बाराबंकी : फर्जी निकासी पर यूबीआई प्रबंधक व कैशियर पर मुकदमा दर्ज, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। फतेहपुर कस्बा स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा के पूर्व शाखा प्रबंधक व कैशियर ने मिलीभगत कर किसान के खाते से चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर धन निकासी कर ली। लिखा पढ़ी कर तथ्य जुटाने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की पर सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। 

रामनगर तहसील के पंडित पुरवा हरक्का निवासी विश्वनाथ 60 पुत्र चन्द्रिका ने न्यायालय में गुहार लगाते हुए बताया कि उनका यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा फतेहपुर में बचत खाता तथा किसान क्रेडिट कार्ड खाता संचालित है। उनके अनुसार उन्होंने विभिन्न तिथियों में केसीसी खाते से 2,05,000 रुपये आहरित किए थे। साथ ही 29 मई 2021 को 2,59,000 रुपये खाते में जमा किए गए थे।

आरोप है कि बिना उनकी जानकारी व हस्ताक्षर के एक लूज लीफ चेक के माध्यम से उनके बचत खाते से नगद भुगतान कर लिया गया। उन्हें इसकी जानकारी तब हुई जब 23 जुलाई 2024 और पुनः 9 सितंबर 2024 को बैंक की ओर से नोटिस प्राप्त हुई। सूचना के अधिकार के तहत जानकारी लेने पर कथित अनियमितता का खुलासा हुआ। 

विश्वनाथ ने आरोप लगाया कि यह कृत्य तत्कालीन शाखा प्रबंधक व कैशियर की मिलीभगत से किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय में शिकायत करने पर उन्हें अपशब्द कहे गए और आरसी जारी कराने की धमकी दी गई। पीड़ित किसान का कहना है कि उसने एसपी तक शिकायत की पर कोई सुनवाई न होने पर कोर्ट की शरण लेनी पड़ी।

संबंधित समाचार