लखीमपुर खीरी : मुख्यमंत्री दरबार में अनाथ बच्चों की हुई सुनवाई, मिली मदद
जिला प्रशासन ने त्वरित पहल कर स्पॉन्सरशिप से लेकर पढ़ाई भी शुरू कराई
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में धौरहरा क्षेत्र के सरसवा गांव के दो अनाथ भाई अजय कुमार व शिवांशु ने अपने बाबा-दादी के साथ आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने बच्चों को सुना और जिला प्रशासन को निर्देशित कर उन्हें मदद दिलाई।
दरअसल, बच्चों के माता-पिता की असामयिक मृत्यु हो गई थी। उस दौरान जिला प्रशासन ने मदद भी की थी। इधर, जब दोनों बच्चे अपने बाबा दादी के साथ मुख्यमंत्री से मिले तो उन्हें अनेक योजनाओं को तत्परता से लाभ मिल गया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने दोनों बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ते हुए प्रति बालक चार-चार हजार रुपये प्रतिमाह सहायता स्वीकृत कराई। साथ ही राशन कार्ड को अंत्योदय में परिवर्तित करने की प्रक्रिया भी शुरू कराई। साथ ही बच्चों की शिक्षा दोबारा शुरू कराई गई है। डीएम ने बताया कि छोटे बालक का कक्षा सात में प्रवेश हो चुका है, जबकि बड़े भाई का कक्षा नौ में दाखिला प्रक्रिया में है। उधर, सोमवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने 50 हजार की सहायता व जरूरी सामग्री सौंपी। साथ ही खाद्यान्न किट, सीएसआर किट और बच्चों को स्कूल बैग, ड्रेस, जूते, स्वेटर व कंबल उपलब्ध कराए गए। बाद में परिवार को सरकारी वाहन से घर भिजवाया गया। दोनों बच्चे अपनी दिवंगत माता के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना से मिले मकान में बाबा-दादी के साथ रह रहे हैं। प्रशासन द्वारा परिवार को अन्य पात्र योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।
