बाराबंकी : श्रीरामार्चन महायज्ञ में शामिल होंगे सीएम योगी, सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

राज्यमंत्री से लेकर कमिश्नर, आईजी ने किया दौरा, जांची व्यवस्थाएं

बाराबंकी, अमृत विचार। सिरौलीगौसपुर तहसील के दुल्हदेपुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर बजरंग व्यायामशाला में आयोजित दशम श्री हनुमंत विराट महायज्ञ में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर दोपहर 3 बजे दुल्हदेपुर के हेलीपैड पर उतरेगा और वहां से तीन बजकर पांच मिनट पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री महायज्ञ के साथ एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम के समापन के बाद, शाम चार बजकर 10 मिनट पर उनका हेलिकॉप्टर हेलीपैड से लखनऊ के लिए रवाना होगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सोमवार को दिनभर जनप्रतिनिधि और अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लेते रहे। राज्यमंत्री सतीश शर्मा, एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, जिलाध्यक्ष राम सिंह 'भुल्लन' वर्मा, मण्डलायुक्त व आईजी अयोध्या परिक्षेत्र ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर अफसरों और पुलिसकर्मियों को विशेष ब्रीफिंग दी गई।

कमिश्नर राजेश कुमार और आईजी सोमन बर्मा ने संयुक्त रूप से बाबा बलराम दास कुटी ग्राम दुल्हदेपुर, थाना टिकैतनगर में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय भी मौके पर मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। बाहर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। एक दिन पूर्व ही सीएम की सुरक्षा टीम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा घेरा तय कर दिया।

आयोजन स्थल पर सघन जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति होगी। एएसपी दक्षिणी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि मंच समेत सुरक्षा व्यवस्था के लिए 4 एएसपी और 12 सीओ मिलाकर करीब 350 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा चार कंपनी पीएसी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी। आयोजन के लिए नौ पार्किंग स्थल बनाए गए हैं और कार्यक्रम में शामिल वाहनों के अलावा अन्य वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।

संबंधित समाचार