भारत-नेपाल सीमा पर हैदराबाद लूटकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों के जेवर बरामद
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित रुपईडीहा चेकपोस्ट पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 42वीं वाहिनी ने हैदराबाद में हुए लूटकांड के दो नेपाली आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करोड़ों रुपये मूल्य के सोने व हीरे जड़े आभूषण बरामद किए हैं। दोनों आरोपी नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे।
एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि 6 फरवरी को हैदराबाद के जुबली हिल्स थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना के बाद वहां की पुलिस ने अलर्ट जारी किया था। सूचना मिली थी कि दो नेपाली युवक कीमती आभूषण लूटकर भारत-नेपाल सीमा के रास्ते फरार हो सकते हैं। संदिग्धों की तस्वीरें भी साझा की गई थीं। सूचना के आधार पर रुपईडीहा चेकपोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाया गया।
आठ फरवरी को हैदराबाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। संयुक्त अभियान के दौरान सीमा क्षेत्र में दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से सोने की चूड़ियां, हीरे जड़े आभूषण, अंगूठियां और अन्य कीमती जेवर बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण चंद्र (23) पुत्र मन बहादुर चंद्र, निवासी जिला दैलेख, नेपाल तथा भूपेंद्र शाही (19) पुत्र शेर बहादुर शाही, निवासी जिला दैलेख, नेपाल के रूप में हुई है।
कमांडेंट उदावत ने बताया कि बरामद आभूषण जब्त कर विधिक प्रक्रिया पूरी की गई है। दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए हैदराबाद पुलिस के इंस्पेक्टर कविउद्दीन एवं उनकी टीम को सौंप दिया गया है।
