वाराणसी : दालमंडी में ध्वस्तीकरण के दौरान दुकानदार ने मकान के छज्जे पर लगाई आग, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। वाराणसी में दालमंडी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए सोमवार को चल रही ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान एक दुकान मालिक ने विरोध स्वरूप अपने मकान के ऊपरी हिस्से में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। संकरी गली में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, हालांकि आग पर शीघ्र काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) गौरव बंसवाल ने बताया कि ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी दुकान के छज्जे पर तेल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। भीड़ को हटाने के लिए लगातार उद्घोषणा कर क्षेत्र खाली कराया गया।

उल्लेखनीय है कि दालमंडी में मार्ग चौड़ीकरण को लेकर दुकानदारों और मकान मालिकों द्वारा विरोध किया जाता रहा है। इस चरण में 21 भवनों को ध्वस्त किया जाना है। प्रशासन के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के बीच न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही कार्रवाई की जा रही है। अवरोध उत्पन्न करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीक्षण अभियंता के.के. सिंह ने बताया कि जिन भवन स्वामियों को मुआवजा दिया जा चुका है, उन्हीं भवनों पर ध्वस्तीकरण किया जा रहा है। संबंधित पक्षों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। करीब 650 मीटर लंबे इस मार्ग को लगभग 17.5 मीटर चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है।

विभाग के अनुसार कुल 187 भवन चिन्हित किए गए हैं। चौड़ीकरण के बाद क्षेत्र में यातायात सुगम होने तथा काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। 

संबंधित समाचार