चुनाव आयोग अपने कार्यालय पर लगाए भाजपा का झंडा, बोले सांसद अवधेश-एसआईआर प्रक्रिया के जरिए पीडीए वर्ग के काटे जा रहे वोट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार : मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। सपा के अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद ने 24 फरवरी को मिल्कीपुर तहसील में धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है। उन्होंने बुधवार को एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग भाजपा का एजेंट बनकर काम कर रहा है। तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आयोग अपने कार्यालय पर भाजपा का झंडा लगा ले।

अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया के जरिए पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए मतदान के मौलिक अधिकार का हवाला देते हुए कहा कि यह लोकतंत्र पर हमला है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी चुनाव आयोग से न मिलने और पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाया है। अवधेश प्रसाद ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के किसी बयान को उनकी निजी विचारधारा बताते हुए टिप्पणी करने से इंकार किया। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन, पूर्व जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार