Bareilly : जेवर एयरपोर्ट शुरू होते ही बरेली-दिल्ली उड़ान के लिए स्लॉट मिलने की उम्मीद

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

एयरपोर्ट अथॉरिटी बरेली से दिल्ली उड़ान शुरू कराने के लिए लगातार कर रहा प्रयास

बरेली, अमृत विचार। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद बरेली-दिल्ली के लिए उड़ान शुरू होने की उम्मीद बढ़ गयी है। इस महीने जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रस्तावित है। बरेली एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद नई दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों का लोड कम हो जाएगा, इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट से बरेली के लिए स्लॉट मिल जाएगा।

दरअसल, स्लॉट न मिलने की वजह से इंडिगो बरेली-दिल्ली उड़ान सेवा शुरू नहीं कर पा रहा है। दो से तीन माह में बरेली से दिल्ली उड़ान शुरू होने की उम्मीद जताई गयी है। बरेली वासियों को इस उड़ान का बेसब्री से इंतजार है। डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) से बरेली-दिल्ली उड़ान शुरू कराने के लिए पिछले साल ही इंडिगो को अनुमति मिल गयी। इंडिगो के अधिकारी बरेली-दिल्ली उड़ान के लिए नई दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी को स्लॉट देने के लिए कई बार पत्राचार कर चुके हैं, मगर उड़ानों का ज्यादा दबाव होने की वजह से बरेली-दिल्ली उड़ान के लिए इंडिगो को स्लॉट नहीं मिल पाया।

इधर, जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन की शुरू हुई कवायद के बीच बरेली एयरपोर्ट अथॉरिटी की बरेली के लिए नई दिल्ली से स्लॉट मिलने की उम्मीद जगी है। जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन इसी महीने में प्रस्तावित है। कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियां भी परखी थीं। वहीं, बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल का कहना है कि जेवर एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने के बाद नई दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का दबाव कुछ कम होगा, वहां दबाव कम होते ही बरेली-दिल्ली उड़ान के लिए स्लॉट मिलने की उम्मीद है।

संबंधित समाचार