स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश जारी, होली पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए डीजीपी और एडीजी ने कमान संभाली
लखनऊ, अमृत विचार: होली के पर्व को लेकर रेलवे पुलिस भी खासी चौकन्नी हो गई है। स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने का कार्य प्राथमिकता से करने के साथ ही यात्रियों के साथ कोई भी घटना न हो, इसके लिए भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। यदि लापरवाही हुई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
होली के पर्व को लेकर अभी से ट्रेनें फुल हैं, उधर अपने घरों को पहुंचने के लिए रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ़ती जा रही है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अपर पुलिस महानिदेशक प्रकाश डी. ने बताया कि होली के पर्व को लेकर डीजीपी राजीव कृष्ण की ओर से जिलों के साथ ही जीआरपी को निर्देश जारी किए गए हैं। कहा गया है कि जीआरपी रेलवे स्टेशनों पर क्राउड मैनेजमेंट का हर हाल में ध्यान रखे। इसके लिए वह रेलवे सुरक्षा बल के साथ समन्वय कर सकती है।
प्रदेश भर के अफसरों से कहा गया है कि वह चौकसी इस तरह की बरतें कि यात्रियों के साथ जहरखुरानी और जेबकतरी की घटनाएं किसी भी सूरत में नहीं हो पाएं। इसके लिए यात्रियों को जागरुक किया जाए। पुरानी घटनाओं में वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेंजे, वहीं जो जमानत पर बाहर हैं, उनकी लगातार निगरानी की जाए। स्टेशनों और पटरियों के आसपास रहने वाले असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी जाए।
लगातार चलाएं चेकिंग अभियान
स्टेशनों पर सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। निर्देशों में कहा गया है कि जीआरपी अचानक प्लेटफार्म पर चेकिंग अभियान चलाए। जो भी संदिग्ध लगे उससे पूछताछ की जाए। आम तौर पर यात्री आता है, चला जाता है। लेकिन जो अनजान व्यक्ति लगातार कुछ दिन तक स्टेशन पर दिखाई दे तो उससे जरूर पूछताछ की जाए। यात्रियों को जागरुक किया जाए कि वह किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ नहीं लगाए।
