लखनऊ प्रीमियर लीग : सवा लाख में बिके सम्यक त्रिवेदी, UPCA गाइडलाइन के तहत LPL की तैयारी तेज

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ क्रिकेट लीग (एलपीएल) के आयोजन को लेकर हुए विवाद के बाद उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार आयोजकों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को गोमती नगर स्थित बीबीडी अकादमी में आयोजित सप्लीमेंट्री नीलामी में 58 नए खिलाड़ियों की खरीद-फरोख्त हुई। इसमें ऑलराउंडर सम्यक त्रिवेदी सबसे महंगे 1.25 लाख रुपये में बिके। उन्हें लखनऊ एशेज ने अपने साथ जोड़ा।

यार्कर क्लब के बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य कुमार सिंह 1.15 लाख रुपये में लखनऊ स्ट्राइकर्स से जुड़े, जबकि अखिल इंफ्रा के बल्लेबाज अजीत वर्मा को 1.10 लाख रुपये में उसी फ्रेंचाइजी ने खरीदा। तीनों खिलाड़ी एक लाख रुपये से अधिक की बोली में बिके और नीलामी के आकर्षण का केंद्र रहे।

अब तक 102 खिलाड़ियों की खरीद

इस सप्लीमेंट्री नीलामी में शामिल सभी 58 खिलाड़ी लखनऊ के थे। इससे पहले 44 खिलाड़ियों की नीलामी हो चुकी थी। इस तरह अब तक कुल 102 खिलाड़ियों को विभिन्न फ्रेंचाइजी अपने साथ जोड़ चुकी हैं। यूपीसीए के निर्देशों के तहत प्रत्येक फ्रेंचाइजी को अपनी टीम में 17 स्थानीय खिलाड़ियों को शामिल करना अनिवार्य है, जबकि बाहर के अधिकतम दो खिलाड़ियों को ही टीम में रखा जा सकता है। प्रत्येक फ्रेंचाइजी 22 खिलाड़ियों का स्क्वॉड तैयार करेगी।

नीलामी में केवल उन्हीं खिलाड़ियों को शामिल किया गया जिन्होंने एलपीएल के लिए ट्रायल दिया था। इस मौके पर सीएएल के अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल, सचिव केएम खान, लीग कमिश्नर एसपी मिश्र सहित सभी फ्रेंचाइजी मालिक मौजूद रहे।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होंगे मुकाबले

डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि लीग की सभी तैयारियां यूपीसीए की गाइडलाइन के अनुरूप की जा रही हैं। सभी मुकाबले केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतिदिन एक मैच दिन में और दूसरा फ्लडलाइट में आयोजित किया जाएगा। फ्रेंचाइजी टीमें जल्द ही अपने अंतिम स्क्वॉड की घोषणा करेंगी।

तारीखों में बदलाव की संभावना

इस बीच, लखनऊ प्रीमियर लीग (एलपीएल) की प्रस्तावित तिथियों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। खिलाड़ियों के चयन में हुई देरी के चलते सात मार्च से शुरू होने वाली लीग को कुछ दिन आगे बढ़ाया जा सकता है। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के पदाधिकारियों की बैठक में इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों का मानना है कि चयन प्रक्रिया में हुई देरी की भरपाई के लिए लीग की शुरुआत आगे खिसकाना व्यावहारिक निर्णय होगा। आगामी एक-दो दिनों में सीएएल के पदाधिकारी केडी सिंह बाबू स्टेडियम का दौरा कर मैदान की उपलब्धता और तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके बाद नई संभावित तिथियों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

संबंधित समाचार