Bareilly : हिस्ट्रीशीटर इशरत अली के कहने पर आए थे हथियार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली बवाल में इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई का पुलिस ने किया खुलासा

बरेली, अमृत विचार। अतर्राज्यीय गिरोह के दो हथियार सप्लायरों की गिरफ्तारी के बाद शहर में 26 सितंबर को हुए बवाल में फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों की आमद की कड़ी भी सुलझ गई है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार दोनों हथियार तस्करों ने स्वीकार किया है कि बरेली बवाल में इस्तेमाल किए गए हथियारों की सप्लाई भी उन्होंने ही की थी। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के करीबी फरहत अली और उसके हिस्ट्रीशीटर भाई इशरत अली के कहने पर ही हथियारों की सप्लाई की गई है, जिन्हें बवालियों को उपलब्ध कराए गए थे।

एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि बहेड़ी पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किए गए हथियार सप्लायरों तसलीम निवासी जोखनपुर थाना बहेड़ी और सोमू खान उर्फ औशाफ निवासी बरीपुरा थाना शेरगढ़ ने पूछताछ में बताया कि बहेड़ी थाने का हिस्ट्रीशीटर इशरत अली आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के करीबी फरहत अली का सगा भाई है। फरहत को बरेली बवाल के बाद मौलाना तौकीर रजा खां के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में सोमू खान ने बताया कि उसने 26 सितंबर 2025 को फरहत अली और इशरत अली के कहने पर भारी मात्रा में पिस्टल, तमंचे और कारतूस गाड़ी से ले जाकर झुमका तिराहे पर इशरत अली के भेजे गए आदमी को दिए थे।

फरहत के घर बैठकर मौलाना रख रहा था नजर
एसपी उत्तरी ने कहा कि पूछताछ में सामने आया है कि आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां बरेली बवाल से एक दिन पहले ही पुलिस को चकमा देकर अपने करीबी फाइक इंक्लेव निवासी फरहत के मकान पर आ गया था। पुलिस का मानना है कि बरेली बवाल के दिन शहर में कई जगह पर भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर अवैध असलहों से फायरिंग की थी। सभी असलहे फरहत और इशरत अली के द्वारा ही सोनू खान के माध्यम से सप्लाई कराकर भीड़ को मुहैया कराए थे, जबकि मौलाना तौकीर रजा खां फाइक इंक्लेव निवासी फरहत अली के घर बैठकर पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए था।

संबंधित समाचार