धारा 24 में दायरा होने के बाद भी कानूनगो की रिपोर्ट नहीं, डीएम को सदर तहसील के निरीक्षण में मिली कमियां

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

कानूनगो को स्पष्टीकरण जारी करने के दिए निर्देश

लखनऊ, अमृत विचार : जिलाधिकारी विशाख जी ने शुक्रवार को खरगापुर स्थित सदर तहसील का निरीक्षण किया तो कार्यों में लापरवाही सामने आई। समीक्षा के दौरान आरसीएमएस पोर्टल पर धारा 24 में दायरा होने के बाद भी कुछ पत्रावलियों में कानूनगो की रिपोर्ट नहीं प्राप्त हुई। ऐसे प्रकरण चिह्नित करते हुए संबंधित कानूनगो को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। यह भी कहा जिनके द्वारा आख्या नहीं भेजी गई या जहां अधिक प्रकरण लंबित हैं उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले उप जिलाधिकारी न्यायालय का निरीक्षण किया। कुछ पुराने वादों में आदेश पत्रक अद्यतन न पाए जाने पर एसडीएम को शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके लिए दैनिक आधार पर तिथि निर्धारित करने को कहा। इसके अतिरिक्त मांग पत्र की पत्रावलियों का भी अवलोकन करते हुए निर्देशित किया कि जो न्यायालयों से मांग पत्र आ रहे उनके प्राप्त होने और प्रेषित करने के अलग अलग रजिस्टर बनाएं। इससे यह ज्ञात हो सके कि पत्रावली की मांग किस न्यायालय से की गई है और संबंधित न्यायालय को पत्रावली भेजी गई या नहीं। एक-एक करके सभी पटलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया।

जिलाधिकारी ने न्यायालय तहसीलदार सदर का निरीक्षण किया। इस दौरान धारा 67 के प्रकरणों की समीक्षा की। साथ ही धारा 67 के आदेश के पश्चात धारा 67 का अनुपालन कराने की स्थिति भी जानी। साथ ही धारा 67 के आदेश के अंतर्गत किए गए जुर्माने की वसूली की भी समीक्षा की। निर्देश दिए कि धारा 67 में जुर्माना अधिरोपित है, उसका भी वसूली सुनिश्चित की जाए। सभी नायब तहसीलदार के न्यायालयों का निरीक्षण किया।

पेशकार पर कार्रवाई के निर्देश

नायब तहसीलदार सिटी के न्यायालय की अलमारी में रक्षित पत्रावलियों का अवलोकन करने पर पत्रावलियां व्यवस्थित रूप से रखी नहीं मिली। न्यायालय में कुछ पुरानी पत्रावलियां जो निस्तारित हो चुकी है, जिनका दाखिल दफ्तर किया जाना था वह भी अलमारी में रखी पाई गई। पेशकार द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिला। इस पर न्यायालय पत्रावलियों की समुचित रखरखाव न करने पर नायब तहसीलदार सिटी के पेशकार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। सभागार, अभिलेखागार और राजस्व लिपिक रूम का निरीक्षण किया। अभिलेखागार में कॉम्पैक्टर में अभिलेख व्यवस्थित ढंग से रखे पाए गए।

संबंधित समाचार