बदायूं: चोरी, डकैती के प्रयास का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, साथी फरार
उसहैत, अमृत विचार। उसहैत पुलिस ने मुठभेड़ में एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की कार को रोकने का प्रयास किया। चालक ने कार दौड़ाई तो बिजली के खंभे टकरा गई। कार सवारों ने बाहर निकलकर पुलिस पर फायरिंग की। जबाव में पुलिस ने भी फायरिंग की। एक बदमाश के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने मौके से तमंचा और एक जिंदा व चार खोखा कारतूस बरामद किए। पकडे़ गए आरोपी पर अन्य जिलों में चोरी, डकैती के प्रयास समेत विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है। सूचना पर सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे थे।
शुक्रवार देर रात उसहैत के थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह पक्का पुल के पास कादरचौक मार्ग के सरेली मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। पुलिस के अनुसार मुखबिर ने सूचना दी कि एक स्लेटी रंग की बिना नंबर प्लेट की कार उसहैत की ओर से आ रही है। जिसमें बदमाश हैं और उनके पास हथियार हैं। थानाध्यक्ष ने सरेली मोड़ पर बैरियर लगवा दिया। इसी दौरान उसहैत की ओर से एक कार आती नजर आई। थानाध्यक्ष ने चालक को कार रोकने को इशारा किया।
चालक कार लेकर सरेली गांव की ओर भागने का प्रयास करने लगा। उसकी कार सड़क किनारे लोहे के खंभे से टकरा गई। कार रुकते ही भीतर से एक युवक बाहर निकला और पुलिस पर फायरिंग करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गया। चालक सीट से दूसरा युवक बाहर आया और पुलिस पर गोली चलाने लगा। पुलिस की जबावी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। वह जमीन पर गिर गया।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना नाम थाना कादरचौक क्षेत्र के कस्बा निवासी अब्दुल जहीर पुत्र निजामुद्दीन बताया। कहा कि फरार हुआ उसका साथी दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदोखा निवासी पूर्व प्रधान रमेश पुत्र राम सिंह है। वह लोग मिलकर इसी गाड़ी से घटनाएं करते हैं। इसके लिए वह कार की नंबर प्लेट निकाल देते हैं। वह किसी घटना के लिए ही क्षेत्र में घूम रहे थे।
दोनों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर जिला कुशीनगर, गोंडा, बलरामपुर, कासगंज, शाहजहांपुर, फतेहगढ़ आदि में घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने अब्दुल जहीर का रिकॉर्ड खंगाला। पता चला कि उस पर जिला फतेहगढ़, शाहजहांपुर, मैनपुरी में चोरी, सेंध लगाने, नकबजनी, डकैती डालने की तैयारी, डकैती डालने लिए समूह बनाने, गैर इरादतन हत्या के प्रयास आदि के मामले दर्ज हैं। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर की ओर से सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर कार में अपराधी आ रहे हैं। जिनके पास हथियार हैं। रोकने के प्रयास पर उनकी गाड़ी खंभे से टकरा गई। उन्होंने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायर किए। जबावी फायरिंग के बाद पुलिस ने कादरचौक निवासी अभ्यस्थ अपराधी अब्दुल जहीर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करके अस्पताल भेजा है। उसके साथी की तलाश की जा रही है।
