जाति की राजनीति का भविष्य नहीं, भाजपा सबका साथ, सबका विकास की पक्षधर : केशव मौर्य का विपक्ष पर हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कहा कि जाति के नाम पर राजनीति करने वाले दल वर्ष 2027 में समाप्त हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की मूल नीति सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास पर आधारित है। वह फाजिलनगर स्थित पावानगर महावीर इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश को भ्रष्टाचार के दलदल से बाहर निकाला है और अब जातिवादी राजनीति से भी मुक्ति दिलाई जाएगी। 

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एक गरीब परिवार से आने वाले प्रधानमंत्री को विपक्ष स्वीकार नहीं कर पा रहा है, जिसका उदाहरण हाल में लोकसभा की कार्यवाही में देखने को मिला। वर्ष 2017 से पूर्व की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले बिजली व्यवस्था बदहाल थी, जबकि आज प्रदेश में पर्याप्त बिजली उपलब्ध है। मनरेगा को पारदर्शी बनाकर डीबीटी प्रणाली से जोड़ा गया है, जिससे योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है।

 मौर्य ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और 'लखपति दीदी' योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, प्रभारी मंत्री शकुंतला चौहान, जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।  

संबंधित समाचार