कानपुर : उम्मीद पोर्टल की उम्मीद पर खरी नहीं उतर रही वक्फ संपत्तियां, 15 फरवरी अंतिम तिथि
जमीर सिद्दीकी/कानपुर, अमृत विचार। केंद्र सरकार द्वारा वक्फ संपत्तियों का ब्यौरा एकत्र किया जा रहा है, इसके लिए सरकार ने एक उम्मीद पोर्टल जारी किया है, इसी पोर्टल पर वक्फ के रखवालों को हिदायत दी गई है कि वे अपनी वक्फ संपत्तियों का ब्यौरा इसी पर अपलोड कर दें। इस पोर्टल पर संपत्तियां अपलोड करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी 2026 है लेकिन अभी तक मात्र 65 प्रतिशत वक्फ संपत्तियां ही पोर्टल पर पंजीकृत हो पाई हैं।
दरअसल कानपुर में उम्मीद पोर्टल पर वक्फ संपत्तियों का रजिस्टेशन धीमी गति से हो रहा है, उसके पीछे मुतवल्लियों का तर्क है कि सर्वर डाउन या धीमा होने के कारण कब्रिस्तान, मस्जिीद आदि संपत्तियों को दर्ज कराने में कठिनाई हो रही है, दिसंबर 2025 तक 50 प्रतिशत संपत्तियों का ही पंजीयन हो सका जिससे सरकार को इस समय सीमा बढ़ाना पड़ी।
अलल औलाद संपत्तियों का ब्यौरा नहीं
वक्फ अलल औलाद संपत्तियों का ब्यौरा वक्फ विभाग के पास नहीं है जिससे सही आंकड़े नहीं मिल पा रहे हैं। दरअसल वक्फ अलल औलाद का मतलब है कि ऐसी वक्फ संपत्तियां, जिसकी रखवाली के लिए वक्फकर्ता ने अपने परिवार को ही नामित किया हो।
कानपुर में कुल 1669 वक्फ संपत्तियां
बताते चलें कि पूरे उत्तर प्रदेश में 92,832 वक्फ संपत्तियां हैं जिनमें 86,347 सुन्नी और 6,485 संपत्तियां शिया हजरात की हैं। कानपुर में बीते माह हुए सर्वे में पता चला कि कानपुर में 1669 से 1670 वक्फ संपत्तियां हैं जिनमें 548 संपत्तियां सरकारी भूमि (धारा 37) पर पाई गई हैं जो मुख्य रुप से मस्जिद, कब्रिस्तान, ईदगाह आदि हैं। सरकारी भूमि वाली संपत्तियां विवादित श्रेणी में हैं।
क्या बोले सहायक आयुक्त वक्फ
उम्मीद पोर्टल पर वक्फ संपत्तियों का लगभग 65 प्रतिशत पंजीयन हो चुका होगा क्योंकि सारा डाटा वक्फ बोर्ड के पास ही पहुंचता है। वक्फ अलल औलाद का ब्यौरा मिलना मुश्किल हो रहा है, कोशिश है कि जल्द से जल्द सारी संपत्तियों का पंजीयन पोर्टल पर हो जाए...पवन सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, सहायक वक्फ आयुक्त कानपुर नगर।
वक्फ सपंत्तियों का ब्यौरा देखिए
- उत्तर प्रदेश में वक्फ संपत्तियां कुल 92,832
- सुन्नी समुदाय की वक्फ संपत्तियां 86, 347
- शिया समुदाय की वक्फ संपत्तियां 06, 485
- कानपुर में कुल वक्फ संपत्तियां 01,669
- सुन्नी समुदाय की वक्फ संपत्तियां 914
- शिया समुदाय की वक्फ संपत्तियां 34
- बिल्हौर में वक्फ संपत्तियां 388
- घाटमपुर में वक्फ संपत्तियां 189
- नर्वल में वक्फ संपत्तियां 144
- पोर्टल पर पंजीकरण की 15 फरवरी 2026 तक
- वक्फ बोर्ड द्वारा संपत्तियों का परीक्षण 15 अप्रैल 2026 तक
- वक्फ बोर्ड द्वारा पंजीकरण को अनुमोदन 5 जून 2026 तक
