कानपुर : 153 शिकायतों में 17 का मौके पर निस्तारण, मर्चेंट चेंबर ऑफ कॉमर्स में लगा संपूर्ण समाधान दिवस
कानपुर, अमृत विचार। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 153 शिकायतें दर्ज हुईं जिसमें 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया जबकि अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सात दिन का समय दिया गया। शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मर्चेंट चेंबर ऑफ कॉमर्स में सदर तहसील के अंतर्गत संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 17 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को त्वरित राहत दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस औपचारिकता नहीं है। प्रत्येक शिकायत का ऐसा निस्तारण हो कि फरियादी संतुष्ट हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित प्रकरणों की समीक्षा वे स्वयं करेंगे और लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी। शिकायतों में सर्वाधिक 69 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे।
पुलिस विभाग से 26, नगर निगम से 19, केडीए से 17 तथा जिला आपूर्ति विभाग, जलकर और केस्को से चार-चार प्रकरण सामने आए। अन्य शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित थीं। संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएएम संतोष कुमार राय, एसडीएम अनुभव सिंह, सीएमओ डॉ हरिदत्त नेमी, अपर नगर आयुक्त आवेश खान सहित सभी विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

इन पीड़ितों की समस्याओं का निस्तारण
- नौबस्ता निवासी अंश सिंह का दिव्यांगता प्रमाण पत्र मौके पर ही संचालित विशेष मेडिकल कैंप के माध्यम से जारी कराया गया।
- कर्नलगंज निवासी वहीदउद्दीन अहमद के नाम संशोधन प्रकरण में राजस्व अभिलेखों में दर्ज त्रुटि को तुरंत दुरुस्त कराया गया।
- पनकी निवासी राजबहादुर कमल के मामले में पिता के नाम और स्वयं के नाम में दर्ज त्रुटियों को राजस्व निरीक्षक की आख्या के आधार पर संशोधित कराया गया।
- ग्राम बिधनू और कटरी ख्यौरा से आए भूमि अंश और नाम संशोधन संबंधी मामलों में भी मौके पर निर्देश देकर खतौनी प्रविष्टियां सही कराई गईं।
- ग्राम दहेली उजागर निवासी राम किशोर मिश्रा के अंश निर्धारण संबंधी आवेदन पर राजस्व निरीक्षक को तत्काल निर्देशित कर अभिलेख संशोधित कराए गए।
- किदवईनगर निवासी अमन शुक्ला के प्रकरण में पूर्व वाद के अनुपालन को अभिलेखों में दर्ज कर निस्तारण सुनिश्चित कराया गया।
- फजलगंज निवासी हिमांशु शुक्ला के मामले में पिता के निधन के बाद शस्त्र लाइसेंस जमा कराने की प्रक्रिया तत्काल पूरी कराई गई, जिससे प्रार्थी को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली।
- प्रीती यादव के राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ प्रकरण में औपचारिकताएं पूर्ण कराई गई।
- हिरौंदा के विधवा पेंशन प्रकरण में आधार पंजीकरण पूर्ण कर अगली किस्त के साथ भुगतान सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई।
