नई आयुष नीति से प्रदेश बनेगा अंतरराष्ट्रीय वेलनेस डेस्टिनेशन, सीएम योगी ने दिए जल्द लागू करने के निर्देश
-मुख्यमंत्री ने ‘आयुष हेल्थ एंड वेलनेस नीति-2026’ को जल्द लागू करने के दिए निर्देश -मिर्जापुर, गोंडा, मेरठ, आगरा और बस्ती मंडलों में खुलेंगे एकीकृत आयुष महाविद्यालय
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख वेलनेस डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए ‘आयुष हेल्थ एंड वेलनेस नीति-2026’ को जल्द लागू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को केवल उपचार आधारित व्यवस्था तक सीमित न रखकर आयुष, योग, पंचकर्म, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस सेवाओं के समन्वय से नई पहचान दी जाए।
रविवार को आयुष विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आयुष वेलनेस सेक्टर से जोड़कर बड़ा पर्यटन और रोजगार मॉडल तैयार किया जा सकता है। वाराणसी, अयोध्या और मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों के आसपास वेलनेस और हीलिंग आधारित पर्यटन विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में वर्तमान में 3,953 आयुष स्वास्थ्य इकाइयां, 1,034 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 225 योग वेलनेस सेंटर और 19 आयुष चिकित्सा महाविद्यालय संचालित हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आयुष सेवाओं का विस्तार गुणवत्तापूर्ण और मानकीकृत तरीके से किया जाए।
मुख्यमंत्री ने मिर्जापुर, गोंडा, मेरठ, आगरा और बस्ती मंडलों में एकीकृत आयुष महाविद्यालय स्थापित करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। इन संस्थानों को आधुनिक आयुष चिकित्सा, प्रशिक्षण और अनुसंधान के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
पीपीपी मॉडल पर बनेंगे आधुनिक वेलनेस सेंटर
सरकार पीपीपी मॉडल के जरिए आधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर, 100 शैय्या वाले एकीकृत आयुष चिकित्सा एवं प्रशिक्षण केंद्र और आयुष कॉलेजों के उन्नयन की दिशा में काम करेगी। इन केंद्रों में पंचकर्म, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, डिजिटल हेल्थ सेवाएं और अनुसंधान गतिविधियां भी संचालित होंगी।
निवेशकों को मिलेगा प्रोत्साहन और सिंगल विंडो सुविधा
प्रस्तावित नीति में निवेश आधारित सब्सिडी, ब्याज सब्सिडी, स्टांप ड्यूटी में छूट और रोजगार सृजन आधारित प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए त्वरित स्वीकृतियां देने और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
ओपीडी सेवाओं और शोध गतिविधियों पर जोर
मुख्यमंत्री ने आयुष संस्थानों में ओपीडी सेवाओं को बेहतर बनाने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पंचकर्म जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय, गोरखपुर में शोध और नवाचार गतिविधियों को गति देने तथा स्थायी फैकल्टी नियुक्ति जल्द पूरी करने को कहा।
