Gorakhpur Crime News : महिला ने पति से वीडियो कॉल के बाद फंदा लगाकर दी जान, दो माह पहले हुई थी शादी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के पांडेय टोला में कल देर रात एक विवाहिता का शव पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय चांदनी सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना से ठीक पहले चांदनी ने अपने पति मनीष सिंह से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी। कॉल समाप्त होने के कुछ ही देर बाद चांदनी ने कमरे में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

परिजनों के मुताबिक, घटना की रात चांदनी अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रही थी। देर रात वह मच्छरदानी लेने के बहाने नीचे कमरे में चली गई। इसी दौरान घर के अन्य सदस्य सो गए। रात करीब 1.30 बजे चांदनी की 6 वर्षीय बेटी राजनंदनी अपनी मां को खोजते हुए नीचे गई, जहां उसने अपनी मां को पंखे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर बच्ची चीख पड़ी और परिजनों को बुलाया। 

सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों ने बताया कि चांदनी की पहली शादी वर्ष 2017 में राजकुमार विश्वकर्मा से हुई थी, जिससे उसकी एक 6 वर्षीय बेटी है।

पारिवारिक विवाद के चलते दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद करीब दो माह पहले चांदनी ने मनीष सिंह से दूसरी शादी की थी। मायके पक्ष का आरोप है कि दूसरी शादी के बाद से ही पति, सास और ननद द्वारा चांदनी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी कारण वह कुछ दिन पहले अपने भाई के घर पांडेय टोला में आकर रह रही थी। 

परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। झंगहा थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की ओर से मिली तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।  

संबंधित समाचार