चिकित्सा शिक्षा विभाग में नर्सिंग अधिकारियों के तबादले, 11 को नई तैनाती, स्वैच्छिक अनुरोध पर जारी हुआ आदेश
लखनऊ, अमृत विचार: चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग ने सीनियर नर्सिंग अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा द्वारा शनिवार को जारी आदेश के तहत 11 सीनियर नर्सिंग अधिकारियों का उनके अनुरोध पर विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों में स्थानांतरण किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जालौन मेडिकल कॉलेज में तैनात अंजना और रामा देवी को मेडिकल कॉलेज कानपुर भेजा गया है। बांदा मेडिकल कॉलेज की मोनिका रावत तथा औरैया मेडिकल कॉलेज की प्रियंका श्रीवास्तव को भी कानपुर मेडिकल कॉलेज में नई तैनाती दी गई है। मेरठ मेडिकल कॉलेज की स्नेहलता का भी स्थानांतरण कानपुर किया गया है।
मेरठ मेडिकल कॉलेज में कार्यरत सुनीता कुमारी को मेडिकल कॉलेज आगरा भेजा गया है। सहारनपुर मेडिकल कॉलेज की स्मिता सिंह और अनिला सामुएल को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में तैनाती मिली है। वहीं गोरखपुर मेडिकल कॉलेज की विनीता दीक्षित को कानपुर तथा प्रभा प्रजापति को बांदा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। हृदय रोग संस्थान कानपुर में तैनात प्रतिभा त्रिपाठी का स्थानांतरण मेडिकल कॉलेज आगरा किया गया है।
