दिल्ली हादसा : साकेत मेट्रो स्टेशन के पास ढही 3 मंजिला इमारत, चार लोगों की मौत, जांच शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत ढहने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। यह जानकारी रविवार को एक अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि घटना में कई अन्य लोगों को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सैदुलजाब क्षेत्र के वेस्टर्न मार्ग पर स्थित यह इमारत शनिवार शाम ढह गई थी। इस भवन में एक कोचिंग संस्थान, कैफे और कार्यालय संचालित हो रहे थे। घटना के समय इसकी ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य किया जा रहा था। 

दक्षिणी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने एक न्यूज एजेंसी से कहा, "इस घटना में कुल चार लोगों की मौत हुई है। बचाव अभियान जारी है।" पुलिस के अनुसार, इमारत पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई और इसका मलबा पास स्थित टीन शेड वाली एक कैंटीन पर भी गिरा, जहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र अक्सर आते-जाते थे। सभी घायलों को उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। 

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस), दिल्ली जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), दिल्ली पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों की संयुक्त टीमों ने पूरी रात बचाव अभियान चलाया। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव दल ने भारी मशीनों, हाइड्रोलिक कटर, पीड़ितों का पता लगाने वाले कैमरों और खोजी कुत्तों की मदद ली। अधिकारियों ने बताया कि सभी फंसे हुए लोगों का पता लगाए जाने के बाद बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया। इमारत ढहने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना की जांच के लिए अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।  

संबंधित समाचार