UP News: नौतपा सताएगा ही नहीं...गर्मी से भी दिलाएगा निजात, आंधी-बारिश से तापमान गिरने का अनुमान
शाहजहांपुर, अमृत विचार। इस बार 25 मई से शुरू होने जा रहा नौतपा गर्मी से सताएगा भी और गर्मी से राहत भी देगा, ऐसा अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, नौतपा के शुरुआती दो दिन और आखिरी के दो दिन भीषण गर्मी हो सकती है, जिससे एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। अनुमान के अनुसार, 28 मई की रात से आंधी और बारिश का माहौल बनने से 29 मई से 31 मई तक तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
10 दिन से तापमान 40 डिग्री
पिछले 10 दिन से अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब बना हुआ है, बीच में चार दिन अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया था। शनिवार को भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री के करीब रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 25 मई से नौतपा शुरू होने जा रहा है। आमतौर पर नौतपा के नौ दिन तक सबसे अधिक गर्मी होती रही है, लेकिन इस बार गर्मी कम सताएगी, ऐसा मौसम विभाग का मानना है। बताया कि 25 मई से 28 मई तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास ही बना रह सकता है।
28 मई की रात बदलेगा मौसम
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डा. मनमोहन सिंह के अनुसार, 28 मई की रात से मौसम में तब्दीली के आसार बन रहे हैं। उनके अनुसार, 28 मई की रात आंधी आने की संभावना है, आंधी की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। इसके बाद 29 मई की सुबह 4 बजे से लेकर 10 बजे तेज और धीमी रफ्तार में बारिश भी होने के आसार बन रहे हैं, बताया कि 2 एमएम से अधिक बारिश हो सकती है, इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 मई की सुबह 4 बजे से दोपहर 12 बजे तक बादल छाए रह सकते हैं और मौसम बारिश वाला हो सकता है। इसकी वजह से अधिकतम तापमान 38 डिग्री के करीब हो सकता है। 31 मई को भी तापमान 38 डिग्री पर स्थिर बना रह सकता है।
एक और दो जून को बढ़ेगी गर्मी
-गन्ना शोध परिषद के मौसम विभाग की मानें तो नौतपा के आखिरी दो दिन यानी 1 और 2 जून को अधिकतम तापमान में फिर से 4 डिग्री तक उछाल आ सकता है। बताया कि 1 और 2 जून को अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। इधर, मौसम आधारित राज्य स्तरीय कृषि परामर्श समूह यानी क्रॉप वेदर वॉच ग्रुप की हुई बैठक में भी मौसम को लेकर सतर्कता जारी की गई है, जिसमें 22 से 28 मई के बीच मौसम के मुख्यतः शुष्क रहने की सम्भावना जताई गई है। प्रदेश के मध्य मैदानी क्षेत्र के अधिकांश भाग में औसत साप्ताहिक न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना जताई गई है। 29 मई से 4 जून के बीच सामान्य से अधिक वर्षा होने की सम्भावना है। मौसम पूर्वानुमान दृष्टिगत आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकांश कृषि जलवायु क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक व कुछ स्थानों पर लू की सम्भावना है।
25 मई से 2 जून के दौरान अनुमानित तापमान
-25 मई : अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस
-26 मई : अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस
-27 मई : अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस
-28 मई : अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस
-29 मई : अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस
-30 मई : अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस
-31 मई : अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस
-01 जून : अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस
-02 जून : अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस
28 से 31 मई के बीच बारिश का अनुमान
-28 मई की रात में 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी की संभावना है।
-29 मई की सुबह 4 से 10 बजे तक रुक रुक कर बारिश होने की संभावना है।
-30 मई को दिन और रात में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
-31 मई को तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होने का अनुमान लगाया गया है।
