बाराबंकी : कोर्ट से मुल्जिम चकमा देकर फरार, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सुबेहा थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मुकदमे में कोर्ट पर पेशी के लिए आया मुल्जिम कोर्ट मोहर्रिर को चकमा देकर फरार हो गया। उसके गुपचुप फरार होते ही कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सीओ, कोतवाल व पुलिस बल पहुंच गया और सिरे से फरार मुल्जिम की तलाश शुरु हो गई, हालांकि देर शाम तक उसका पता नहीं लग सका था। 

बताते चलें कि सुबेहा थाना क्षेत्र के ग्राम अहिरन सरैंया मजरे रोहना मीरापुर में वर्ष 2016 में हत्या की वारदात हुई थी। इसका मुकदमा अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या दो में चल रहा था। इस मामले में निर्णय का समय भी आ गया था। अपर जिला जज कोर्ट में आरोपी सूरज निवासी रोहना मीरापुर को दोषसिद्ध करार दिया गया, इसके बाद न्यायालय को सजा सुनानी थी।

बता दें कि इस मुकदमे में सूरज के पिता मटरू व चाचा गदरू भी आरोपी हैं, जिनमें एक की जमानत ही नही हुई, शेष दो जमानत पर थे। आरोपी सूरज अपने अधिवक्ता के साथ पेशी की तय तारीख पर शनिवार कोर्ट गया। लंच के बाद सुनवाई के समय एक मुल्जिम जेल से हाजिर हुआ। सूरज व एक अन्य जमानत पर थे, इसलिए यह मुल्जिम अपने वकील के साथ गए। 

न्यायाधीश ने सुनवाई के बाद इन सबको दोषी करार दिया और हिरासत में लेने के साथ ही कोर्ट मोहर्रिर से वारंट बनाने का आदेश दिया। इधर कोर्ट मोहर्रिर्र वारंट बनाने में लग गए, उधर मौका पाकर मुल्जिम सूरज फरार हो गया। पता चलते ही अदालत ने सूरज के पिता व चाचा को जेल भेज दिया जबकि फरार आरोपी को शीघ्र तलाश करने को कहा। 

कुछ ही देर में दोष सिद्ध मुल्जिम के फरार होने की खबर फैल गई और क्षेत्राधिकारी संगम कुमार, शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह पुलिस बल के साथ कोर्ट पहुंच गए। इसके बाद फरार सूरज की सरगर्मी से तलाश शुरु की गई। हालांकि सूरज देर शाम तक पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका था। सीओ संगम कुमार ने बताया कि फरार मुल्जिम की तलाश की जा रही है, अभी उसका कुछ पता नहीं चला है।

संबंधित समाचार