Bareilly :रिंग रोड...अपात्र महिला को किया 1.13 करोड़ का भुगतान बना गले की फांस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। निर्माणाधीन रिंग रोड की भूमि अर्जन करने के दौरान तहसीलदार सदर की गलती से अपात्र महिला को 1.13 करोड़ रुपये के भुगतान करने का मामला अफसरों के गले की फांस बन गया है। एडीएम जे की जांच में तहसीलदार सदर की गलती से भुगतान होने पर अपात्र महिला को धनराशि रिकवर कराने के लिए वसूली प्रमाणपत्र जारी किया गया। 

इस पर महिला हाईकोर्ट इलाहाबाद चली गयी। महिला ने तहसील सदर से जारी वसूली प्रमाणपत्र पर रोक लगाने के लिए अर्जी लगा दी। इससे तहसील सदर और विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय के अधिकारी परेशान हो गए हैं। अब हाईकोर्ट से मामला निस्तारित होने या कोई आदेश आने तक महिला से इतनी बड़ी रकम रिकवर कराना संभव नहीं है, वहीं जिस महिला की भूमि अर्जन की गयी है, वह भुगतान मांग रही है।

दरअसल, रिंग रोड के निर्माण के लिए सदर तहसील के महेशपुर ठाकुरान गांव की भूमि का 11 दिसंबर 2023 को अवार्ड घोषित किया गया। 13 फरवरी 2025 को तहसीलदार सदर ने अर्जन से प्रभावित संयुक्त गाटा संख्या-517 के सह खातेदारों के अंश प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए थे। गाटे का रकबा 2.3150 हेक्टेयर है। इसमें भगवान देई की 0.3160 हेक्टेयर जमीन है। शेष जमीन चार भाइयों में अमर पाल सिंह, अर्जुन सिंह, देशपाल सिंह और यशपाल सिंह के नाम है। बाद में मामला पकड़ा गया कि भगवान देई के खाते में 1.13 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया। सह खातेदार यशपाल ने शिकायती पत्र देते हुए डीएम से जांच की मांग के साथ अपात्र भगवान देई से रकम वापस लेने की मांग भी की है।

डीएम ने एडीएम न्यायिक एवं विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी देश दीपक सिंह से मामले की जांच कराई। जांच में यह बात सामने आई कि राजस्व कर्मियों ने मौका और अभिलेख देखे बिना ही सह खातेदारों का अंश निर्धारित कर दिया था। उस रिपोर्ट को सत्यापित कराए बिना तहसीलदार सदर ने विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलएओ) कार्यालय को रिपोर्ट भेज दी। उसी रिपोर्ट पर एसएलएओ ने अपात्र भगवान देई के खाते में 24 फरवरी 2025 को मुआवजा राशि ट्रांसफर की थी। इस संबंध में तहसीलदार सदर भानु प्रताप सिंह और एडीएम जे देश दीपक सिंह को कॉल की गयी मगर कॉल रिसीव न होने से इनका पक्ष नहीं मिला है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Barabanki News: खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू, बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट; 200 बच्चों की पढ़ाई पर भी मंडराया संकट
कानपुर में लोन डिफॉल्ट पर एक्शन : बैंक ने लगाया लैदर फैक्ट्री पर ताला, बकाया न चुकाने पर लिया कब्जा
Barabanki News: श्रावण से पहले शिव मंदिरों की विद्युत सुरक्षा दुरुस्त करने के निर्देश, डीएम बोले- लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी
NEET विवाद: सरकार-CJP वार्ता के बाद बढ़ी उम्मीदें, सरकार ने मानी 3 में से 2 मांगे; क्या होगा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा?
Gonda News:चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म