LPL 2026: लखनऊ प्रीमियर लीग की नीलामी में खिलाड़ियों पर जमकर हुई धनवर्षा, मिलिए टॉप 10 से...

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: शहर के क्रिकेट प्रेमियों का लंबा इंतज़ार शनिवार को उस समय खत्म हुआ, जब लखनऊ प्रीमियर लीग (एलपीएल) की पहली नीलामी में फ्रेंचाइजियों ने खिलाड़ियों पर जमकर धनवर्षा की। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर शुरू की जा रही इस लीग में पहले ही दिन टीम मालिकों के बीच पसंदीदा खिलाड़ियों को अपनी टीम से जोड़ने की जबरदस्त होड़ देखने को मिली। नीलामी में कुल 450 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रात 10 बजे तक ए-ग्रेड के 40, बी-ग्रेड के 60 और सी-ग्रेड के 40 खिलाड़ियों की बोली पूरी हो चुकी थी। लीग की सभी छह टीमें लखनऊ नवाब्स, लखनऊ एसेज, लखनऊ चैलेंजर्स, लखनऊ पैंथर्स, लखनऊ लायन्स और लखनऊ स्ट्राइकर्स अपने-अपने कोच और मेंटर के साथ सर्वश्रेष्ठ टीम संयोजन बनाने में जुटी रहीं।

लखनऊ पैंथर्स ने दिखाई सबसे आक्रामक रणनीति

नीलामी के पहले दिन लखनऊ पैंथर्स सबसे आक्रामक फ्रेंचाइजी के रूप में उभरी। टीम ने अपने 8.5 लाख रुपये के पर्स में से 5 लाख रुपये केवल चार खिलाड़ियों पर खर्च कर दिए। पैंथर्स ने रित्विक वत्स, हिमांशु असनोरा, कार्तिक सिद्धू और सत्यम पाण्डेय को 1.25-1.25 लाख रुपये की बड़ी राशि में खरीदकर अपनी टीम को मजबूत किया। वहीं, लखनऊ एसेज ने भी अपनी मंशा साफ करते हुए साहब युवराज सिंह और हिमांशु सिंह को 1.25-1.25 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।

रणजी और यूपी टी-20 का अनुभव बढ़ाएगा लीग का स्तर

लखनऊ प्रीमियर लीग न सिर्फ युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराएगी, बल्कि इसमें रणजी ट्रॉफी और यूपी सीनियर टीम का अनुभव रखने वाले कई दिग्गज खिलाड़ी भी खेलते नज़र आएंगे। हिमांशु असनोरा, ऋतुराज और साहब युवराज सिंह के पास रणजी अनुभव है, जबकि करन शर्मा, जो यूपी रणजी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं, और अंकित चौधरी जैसे खिलाड़ी लीग की गुणवत्ता को और ऊंचाई देंगे।

नीलामी में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

नीलामी के दौरान क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) के अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल, सचिव केएम खलीक और सुजय त्रिपाठी, एलपीएल के कमिश्नर एसपी त्रिपाठी, एंटी करप्शन प्रभारी राजेश पाण्डेय सहित विभिन्न फ्रेंचाइजियों के अधिकारी मौजूद रहे।

नीलामी की निर्धारित की गई धनराशि

किसी खिलाड़ी की सर्वाधिक बोली- 1.25 लाख रुपये

ए-ग्रेड के खिलाड़ियों का बेस प्राइज- 40 हजार रुपये

बी-ग्रेड के खिलाड़ियों का बेस प्राइज- 25 हजार रुपये

सी-ग्रेड खिलाड़ियों का बेस प्राइज- 15 हजार रुपये

सबसे मंहगे शीर्ष 10 खिलाड़ी

खिलाड़ी का नाम    टीम  धनराशि
रित्विक वत्स  लखनऊ पैंथर 1.25 लाख रुपये
हिमांशु असनोरा    लखनऊ पैंथर 1.25 लाख रुपये
कार्तिक सिद्धू   लखनऊ पैंथर 1.25 लाख रुपये
सत्यम पाण्डेय  लखनऊ पैंथर 1.25 लाख रुपये
ऋतुराज शर्मा   लखनऊ एसेज 1.25 लाख रुपये
साहब युवराज सिंह लखनऊ एसेज 1.25 लाख रुपये
करन शर्मा       लखनऊ चैलेंजर्स    1.25 लाख रुपये
हिमांशु सिंह  लखनऊ नवाब्स    1.25 लाख रुपये
प्रियांशु         लखनऊ चैलेंजर्स   1.25 लाख रुपये
अंकित चौधरी लखनऊ लायन्स  1.25 लाख रुपये

आईपीएल की तर्ज पर पहली बार लखनऊ प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच प्रदान करना है। जूनियर खिलाड़ियों को सीनियर खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके खेल में निखार आएगा और प्रोफेशनल सोच विकसित होगी। सभी मैच केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतिदिन एक मैच दिन में और दूसरा फ्लडलाइट में होगा। हर टीम के साथ अनुभवी कोच और मेंटर नियुक्त किए जाएंगे।

डॉ. नवनीत सहगल, अध्यक्ष, क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ

 

संबंधित समाचार