T20 World Cup 2026 : भारत ने अमेरिका को 29 रनों से हराकर टी-20 विश्वकप में की विजयी शुरुआत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। टी-20 वर्ल्ड कप के अपने पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने अमेरिका को हराकर टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों और कप्तान सूर्यकुमार यादव के शानदार प्रदर्शन के आगे अमेरिकी टीम पस्त नजर आई। भारत ने अमेरिका को 29 रनों से हरा दिया। 

कप्तान सूर्यकुमार ने खेली संकटमोचक पारी

मैच की शुरुआत में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की स्थिति काफी नाजुक थी। महज 46 रन के स्कोर पर टीम के शीर्ष 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। ऐसे समय में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और 49 गेंदों पर 84 रनों की आक्रामक पारी खेलकर टीम को 161 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।  हालांकि, टीम के अन्य बल्लेबाजों ने निराश किया और 6 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। वरुण चक्रवर्ती बिना कोई गेंद खेले रन आउट होकर वापस लौटे। 

भारतीय गेंदबाजों का दबदबा 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम भारतीय आक्रमण के सामने लड़खड़ा गई। 18 ओवर के खेल तक अमेरिका ने 111 रन पर अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद मोहसिन को तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट कराया। स्पिनर अक्षर पटेल ने मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया, जब उन्होंने लगातार दो गेंदों पर हरमीत सिंह और संजय कृष्णमूर्ति को आउट किया। वहीं, वरुण चक्रवर्ती ने मिलिंद कुमार को ईशान किशन के हाथों स्टंप आउट कराकर अमेरिका की मुश्किलों को और बढ़ा दिया।

भारत की पहली जीत

यह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की पहली जीत है। उससे पहले पाकिस्तान और वेस्टइंडीज भी अपना-अपना पहला मैच जीत चुके हैं। गेंदबाजी में भारत के लिए मोहम्मद सिराज सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवरों में सिर्फ 29 रन देकर 3 विकेट लिए। आपको बताते चलें कि सिराज भारत के ऑरिजिनल स्क्वाड का हिस्सा नहीं थे, उन्हें चोटिल हर्षित राणा की जगह टीम में स्थान मिला है। उनके अलावा अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए। मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी एक विकेट लेने में कामयाब रहे। हार्दिक पांडया सबसे महंगे साबित हुए, जिन्होंने 4 ओवरों में 34 रन लुटाए।

संबंधित समाचार