Bareilly: एसआईआर...सभी बूथों पर आज बीएलओ पढ़कर सुनाएंगे मतदाता सूची

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को सभी बूथों पर निर्वाचक नामावलियों की अंतिम सूची बीएलओ पढ़कर सुनाएंगे। शनिवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बरेली कालेज, साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज बूथों पर एसआईआर के संबंध में बीएलओ के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि विशेष अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने बूथों पर मौजूद हैं, उनके पास बूथ की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट और नाम कटे हुए वोटरों की सूची भी उपलब्ध है, मतदाताओं के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म 6 और 8 उपलब्ध हैं। मतदाता अपने बूथ पर वोटर लिस्ट में नाम और विवरण की जांच करते मिले।

एडीएम फाइनेंस ने उपस्थित लोगों को बताया कि 1 जनवरी 2026 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवा या ऐसे अर्ह मतदाता, जिनका नाम निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं है तो उनके नाम शामिल करने के लिए बीएलओ से निर्धारित प्रारूप-6 प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं। दरअसल, विधानसभा निर्वाचक नामावली की अंतिम सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को हो गया था। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को भी ड्राफ्ट की सूची दी गयी। सूची ऑनलाइन भी उपलब्ध है, जिसे कोई भी मतदाता डाउनलोड कर देख सकता है। दावा-आपत्ति आगामी 6 फरवरी तक की जा सकती है। नोटिस चरण और दावों/आपत्तियों का निस्तारण 27 फरवरी तक होगा और अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च को प्रकाशित की जाएगी।

संबंधित समाचार