UP News: बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा, एक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बाल श्रम के लिए ले जा रहे चार बच्चों को पुलिस ने बचाया, चारबाग रेलवे स्टेशन पर पकड़ा... गिरोह के सदस्यों की तलाश में जुटी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग और आरपीएफ की संयुक्त टीम

लखनऊ, अमृत विचार: एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने शनिवार को बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा किया। इस गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया। उसके पास से चार बच्चों को सकुशल बरामद किया है। इन बच्चों को बाल श्रम के लिए तस्करी कर चारबाग से ट्रेन से पश्चिम बंगाल से गुजरात ले जा रहे थे। गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

एडीसीपी क्राइम किरन यादव के मुताबिक, एएचटी व आरपीएफ को लगातार बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह के बारे में इनपुट जुटा रही थी। शनिवार को सूचना मिली कि बच्चों को बाल श्रम कराने के लिए दूसरे राज्यों में ट्रेन से ले जाया जा रहा है। सूचना पर टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारबाग रेलवे स्टेशन में घेराबंदी की। शनिवार को गांधीधाम एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-06 की तलाशी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। एडीसीपी के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर स्थित रायगंज के खड़ाबाड़ी निवासी सैफुद्दीन है। तलाशी में उसके कब्जे से चार बच्चे बरामद किए गए। बच्चों की उम्र 16 से 17 वर्ष से कम है।

पूछताछ में बच्चों ने बताया कि आरोपी उन्हें पश्चिम बंगाल से गुजरात के रतनामणि स्थित अर्चिट प्लाईबोर्ड फैक्ट्री में काम दिलाने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने तत्काल सभी बच्चों को मुक्त कराते हुए बाल कल्याण समिति के आदेश पर उन्हें राजकीय बालगृह (बालक) मोहान रोड, में सुरक्षित आश्रय दिलाया। एडीसीपी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ एएचटी थाने में रिपोर्ट दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया।

 

संबंधित समाचार