यूपी में AI समेत नई तकनीकों से प्रशिक्षित होंगे 25 लाख युवा,डेटा सेंटर और रोबोटिक्स मिशन से डिजिटल अर्थव्यवस्था को रफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश की युवा आबादी को भविष्य की उन्नत तकनीक आधारित वैश्विक अर्थव्यवस्था के अनुरूप तैयार करना है। इसी दिशा में ‘टेक युवा–समर्थ युवा’ योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख युवाओं और छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऑगमेंटेड रिएलिटी (एआर), वर्चुअल रिएलिटी (वीआर) और एक्सटेंडेड रिएलिटी (एक्सआर) जैसी उभरती तकनीकों में प्रशिक्षित किया जाएगा।
योगी सरकार का लक्ष्य उद्देश्य पारंपरिक डिग्री आधारित शिक्षा से आगे बढ़कर कौशल आधारित दक्षता विकसित करना है, ताकि प्रदेश का युवा वैश्विक वर्कफोर्स का हिस्सा बन सके। इसके साथ ही लखनऊ और गौतमबुद्ध नगर में विश्वस्तरीय ‘यू-हब’ की स्थापना कर स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को भी मजबूत किया जाएगा। डिजिटल अवसंरचना को गति देने के लिए बजट में महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किए गए हैं।
5 गीगावाट क्षमता वाले 4 से 5 डेटा सेंटर क्लस्टर स्थापित करने के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रारंभिक प्रावधान किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में पूरे देश की डेटा सेंटर क्षमता लगभग 1.6 गीगावाट है। वहीं नोएडा और ग्रेटर नोएडा को रोबोटिक्स हब के रूप में विकसित करने के लिए 100 करोड़ रुपये के उत्तर प्रदेश रोबोटिक्स मिशन की शुरुआत की जा रही है, जिससे उच्च तकनीक आधारित उद्योगों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। सरकार ने डेटा गवर्नेंस को भी विकास की रीढ़ माना है।
