महाशिवरात्रि : 15 लाख से अधिक श्रद्धालु आयेगें काशी, समयानुसार संपन्न होंगे पूजा-अनुष्ठान, सुरक्षा को लेकर पुख्ता तैयारियां
वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। संभावित भीड़ को देखते हुए शनिवार को मंदिर परिसर में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित दर्शन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि इस बार 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। ऐसी स्थिति में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को आधा किलोमीटर से अधिक पैदल न चलना पड़े और लंबी कतार में अत्यधिक समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े।
उन्होंने बताया कि बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, पार्किंग तथा प्रवेश-निकास मार्गों का समुचित प्रबंधन किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने कहा कि मेडिकल टीम, एंबुलेंस एवं आपातकालीन सेवाओं की भी समुचित व्यवस्था रहेगी।
सभी विभागों के समन्वय से श्रद्धालुओं को बिना असुविधा के दर्शन कराने का प्रयास किया जाएगा। मंदिर प्रशासन की ओर से बताया गया कि महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा-अनुष्ठान एवं आरती निर्धारित समयानुसार संपन्न होंगे। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें और भीड़ के दौरान संयम बनाए रखें। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और सफाई व्यवस्था को लेकर पुख्ता तैयारियों का दावा किया है।
