कानपुर में सजेगा खादी बाजार, यूपी के कई शहरों के कारीगर लगायेगें प्रदर्शनी, इतने कारोबार का अनुमान
कानपुर। खादी उत्पादों के प्रति आम जनमानस विशेषकर युवा वर्ग में दिलचस्पी पैदा करने के मकसद से कानपुर के ब्रजेन्द्र स्वरुप पार्क में 9 फरवरी से मंडल स्तरीय खादी तथा ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। पार्क के लाॅन नंबर दो पर 18 फरवरी तक चलने वाली प्रदर्शनी का उदघाटन खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान सोमवार शाम पांच बजे करेंगे।
इस सिलसिले में शनिवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी में खादी तथा ग्रामोद्योग इकाइयाें के अलावा अन्य सरकारी विभागाें द्वारा चलायी जा रही रोजगारपरक योजनाओं में लाभान्वित उद्यमी अपने उत्पादों का प्रचार प्रसार तथा बिक्री करेंगे। उन्होने बताया कि विभाग द्वारा लगायी गयी पिछली प्रदर्शनी के दौरान एक करोड़ 60 लाख रुपये का व्यवसाय हुआ था जबकि इस बार बिक्री का लक्ष्य दो करोड़ 50 लाख रुपये रखा गया है।
प्रदर्शनी में 100 से 110 स्टॉल
मुरादाबाद के पीतल उत्पाद और आजमगढ़ के काष्ठ उत्पाद दर्शकों को आकर्षित करेंगे। इसके अलावा प्रतापगढ़ का आंवला,सहारनपुर का फर्नीचर, चर्म उत्पाद , बांस बेंत,बनारस की साड़ियां और खादी के कपड़े,रेडीमेड वस्त्र स्टालाें पर उपलब्ध होंगे। शर्मा ने दावा किया कि खादी से बने वस्त्र और अन्य कुटीर उद्योग के उत्पादों के प्रति युवा वर्ग का रुझान हाल के वर्षों में बढ़ा है और प्रदर्शनी के जरिये इस दिशा में और सफलता मिलने का अनुमान है।
योगी सरकार खादी और ग्रामोद्योग को प्रोत्साहित करने में कोई कोरकसर नहीं छोड़ रही है और इसका प्रभाव खादी वस्त्र भंडार और अन्य आनलाइन प्लेटफार्म में बढ़ रही बिक्री के तौर पर देखा जा सकता है। प्रेस कांफ्रेंस में ग्रामोद्योग महासंघ के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता के अलावा अभय कुमार त्रिपाठी और केके पांडेय मौजूद रहे।
