Ranji Trophy semi-finals: इकाना में टीमों ने जमकर किया अभ्यास, कर्नाटक-उत्तराखंड होंगे आमने-सामने
लखनऊ, अमृत विचार : शहर का अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम एक बार फिर घरेलू क्रिकेट के बड़े मुकाबले का साक्षी बनने को तैयार है। 15 फरवरी से यहां रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में दिग्गज कर्नाटक और पहली बार अंतिम चार में पहुंची उत्तराखंड की टीम के बीच मुकाबला खेला जाएगा। मुकाबले से पहले शुक्रवार को दोनों टीमों ने इकाना के बी ग्राउंड पर जमकर अभ्यास किया।
कर्नाटक की टीम इस बार अनुभव और अंतरराष्ट्रीय सितारों से सजी है। अभ्यास सत्र में तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने लंबा स्पेल डाला, जबकि आक्रामक बल्लेबाज करुण नायर और युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने नेट्स पर जमकर पसीना बहाया। टीम प्रबंधन के अनुसार केएल राहुल और मयंक अग्रवाल के भी अभ्यास सत्र से जुड़ने की संभावना है, जिससे टीम की बल्लेबाजी और मजबूत होगी। कर्नाटक ने क्वार्टर फाइनल में मजबूत मुंबई को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है, जिससे उसका आत्मविश्वास चरम पर है।
दूसरी ओर, उत्तराखंड ने एलीट सी ग्रुप में शानदार प्रदर्शन के बाद क्वार्टर फाइनल में पारी और छह रन से जीत दर्ज कर इतिहास रचा है। युवा खिलाड़ियों से सजी उत्तराखंड की टीम संयम और टीम वर्क के दम पर कर्नाटक की मजबूत बल्लेबाजी और प्रसिद्ध कृष्णा की रफ्तार का सामना करने को तैयार है। मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। सितारों से सजी कर्नाटक की अनुभवी टीम और जोश से लबरेज उत्तराखंड के बीच कांटे की टक्कर की उम्मीद की जा रही है।
उत्तराखंड की जीत से लखनऊ को मिल सकता है फाइनल की मेजबानी
यदि उत्तराखंड सेमीफाइनल में कर्नाटक को मात देने में सफल रहता है तो इकाना स्टेडियम रणजी ट्रॉफी के फाइनल की मेजबानी कर सकता है। टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर के बीच कल्याणी (प. बंगाल) में खेला जा रहा है। नियमों के तहत उस मुकाबले की विजेता टीम को उत्तराखंड के घरेलू मैदान पर फाइनल खेलना होगा। देहरादून स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को पिच संबंधी कारणों से अनफिट घोषित किया गया है। ऐसे में बीसीसीआई ने लखनऊ को उत्तराखंड का वैकल्पिक घरेलू मैदान निर्धारित किया है। यदि उत्तराखंड फाइनल में पहुंचता है तो लखनऊ दूसरी बार रणजी ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले की मेजबानी करता नजर आ सकता है। अब सबकी निगाहें सेमीफाइनल में उत्तराखंड के प्रदर्शन पर टिकी हैं।
