Bareilly : सुपीरियर शराब फैक्ट्री में आयकर टीम की जांच जारी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

आयकर की टीम तीसरे दिन भी खंगालती रही साल 2003 तक की शराब उत्पादन और बिक्री का ब्योरा

बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज स्थित रामपुर रोड पर सुपीरियर शराब फैक्ट्री में दिल्ली से आई आयकर विभाग की टीमें फैक्ट्री के सभी विभागों में तीन दिन से डेरा डाले हुई है। टीम हर बिंदु की गहनता से जांच कर रही हैं। गुरुवार को फैक्ट्री परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही पर रोक लगाते हुए मोबाइल फोन को जब्त कर लिया। टीम को आयकर में बड़े स्तर पर हेराफेरी की आशंका है। जिसे साफ करने के लिए वर्ष 2003 तक का व्योरा खंगाल रही है।

दरअसल, मंगलवार देर शाम करीब छह बजे दिल्ली की आयकर विभाग की टीमें सीबीगंज स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री पहुंची, विभागों में जांच शुरु करने के बाद फैक्ट्री के मुख्य द्वार को बंद करा दिया गया। लेकिन तीसरे दिन बुधवार को निचले कर्मचारियों को बाहर जाने की अनुमति दी गई। सुपीरियर फैक्ट्री के बाहर दुकानों के संचालकों ने बताया कि दो दिन से फैक्ट्री के बाहर सन्नाटा पसरा रहा। सिर्फ फैक्ट्री में तैनात कर्मचारियों के वाहन ही पार्किंग में नजर आए। लेकिन बुधवार दोपहर करीब 12 बजे कुछ लोडर वाहन और साइकिल पर सवार कर्मचारी बाहर निकले। हालांकि गुरुवार को भी टीमें दस्तावेज खंगालने में जुटी रहीं। इस जांच में क्या खामियां उजागर हुई हैं इसका खुलासा टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फैक्ट्री में माल खरीद फरोख्त संबंधी कई खामियों की शिकायतों के बाद टीम यहां जांच करने के लिए आई है। टीम में शामिल वरिष्ठ अधिकारी ने फैक्ट्री प्रबंधन से वर्ष 2003 तक के वित्तीय रिकॉर्ड, टैक्स रिटर्न, बिल-वॉउचर, रजिस्टर और अन्य लेखा विवरण प्रस्तुत करने को कहा है। आशंका जताई जा रही है कि कई वर्षों से दाखिल किए जा रहे आयकर रिटर्न में अनियमितताएं हो सकती हैं। फिलहाल फैक्ट्री के सभी प्रमुख अधिकारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। सिर्फ एचआर मैनेजर ही फैक्ट्री से बाहर हैं, हालांकि वह टीम के पहुंचने के समय परिसर में मौजूद थे।

आयकर टीम मंगलवार शाम पांच गाड़ियों से पहुंची
आयकर विभाग की टीम ने मंगलवार शाम करीब सवा छह बजे अचानक फैक्ट्री में पहुंची थी। पांच गाड़ियों से पहुंचे अधिकारियों के साथ एक वाहन में पीएसी के जवान भी थे। फैक्ट्री में दाखिल होते ही टीम ने सबसे पहले गेट को अंदर से बंद कराया और पूरे परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया। प्रारंभिक कार्रवाई में कर्मचारियों और अधिकारियों के मोबाइल फोन जब्त किए गए। इसके बाद कार्यालय के लैपटॉप, कंप्यूटर, रजिस्टर, बिल-बाउचर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की गई।

व्यापारी जगत में हलचल, कई तरह की चर्चा
शराब फैक्ट्री में मंगलवार देर शाम शुरू हुई आयकर विभाग की छापेमारी की कार्रवाई की जानकारी बुधवार सुबह फैली तो क्षेत्र के उद्यमियों और व्यापारियों में खलबली मच गई। कारोबारी एक-दूसरे से फोन पर संपर्क कर जानकारी लेने में जुट गए। फैक्ट्री संचालक का फोन लगातार स्विच ऑफ मिलने से अटकलों का बाजार और गर्म रहा। लोगों में गुरुवार को अलग-अलग तरह की चर्चा है। कोई सौ करोड़ तो कोई दो सौ करोड़ तक की संभावित टैक्स चोरी का अनुमान जता रहा है, हालांकि आयकर विभाग के अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। गोपनीयता बरकरार रखते हुए जांच जारी है।

संबंधित समाचार