अभी भी है मतदाता बनने का सुनहरा मौका, आज रविवार को प्रदेश के हर बूथ पर चलेगा विशेष अभियान
बूथों पर 6 जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची की प्रति भी रखी जाएगी
लखनऊ, अमृत विचार: भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत रविवार को प्रदेश के सभी पोलिंग बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसका मकसद अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और उसे त्रुटिरहित बनाना है। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी का दायित्व निभा रहे सभी डीएम कड़ी निगरानी रखेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि वर्ष 2026 का यह चौथा विशेष अभियान दिवस होगा। इससे पहले 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी को भी प्रदेशभर में ऐसे अभियान आयोजित किए जा चुके हैं। 22 फरवरी (आज) को प्रत्येक बूथ पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। उनके पास 6 जनवरी-26 को प्रकाशित मतदाता सूची की प्रति तथा फॉर्म 6, 6 ए, 7 और 8 उपलब्ध रहेंगे।
हर मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की जाएगी, जहां लोगों को फॉर्म भरने में सहायता दी जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी-26 को 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और जिनका नाम सूची में दर्ज नहीं है। वह फॉर्म-6 भरकर बीएलओ को जमा कर सकते हैं। इसके अलावा चुनाव आयोग के मोबाइल एप और voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। वोटर लिस्ट में गलती सुधार के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है।
