Moradabad: बेटी की शादी की दावत न देने पर रिश्तेदारों ने पिता को पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना नागफनी क्षेत्र के छड़ियों वाले मैदान में बेटी की शादी की दावत न देने पर रिश्तेदारों ने बेटी के पिता से जमकर मारपीट की, बात बढ़ने पर पथराव शुरू कर दिया। जिसमें बेटी का पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। पथराव में दोनों ओर से दो लोग घायल हुए है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को बलपूर्वक काबू किया।

छड़ियों वाले मैदान नबाबपुर निवासी रामचंद्र प्रजापति की बेटी की शादी शुक्रवार को थी। किसी बात के चलते रामचंद्र ने अपने रिश्ते के भाइयों अरुण, शिवम, गौरव व हितेश पुत्र सुरेश को दावत नहीं दी। शादी की दावत न मिलने से गुस्साए चारों रिश्तेदारों ने रामचंद्र पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान रामचंद्र के परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे तो अरुण, गौरव व शिवम ने मकान की छत पर चढ़कर पथराव शुरू कर दिया। जिससे मौके पर अफरा तफरी फैल गई। 

इससे रामचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी ओर से शिवम भी चोटिल हुआ। ग्रामीणों ने पथराव व मारपीट की सूचना थाना नागफनी पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पथराव करने वाले तीन आरोपियों को पकड़ लिया। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने लाया गया। तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज करने की बात पर दोनों पक्षों की ओर से आए बुर्जुगों ने समझौता करा दिया। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 

संबंधित समाचार