हरदोई में मासूम की सूझबूझ से टली अनहोनी, मां पर हमले की सूचना पुलिस को दी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पांच साल की एक बालिका की सूझबूझ और साहस से उसकी मां की जान बच गई। घटना शनिवार शाम को कोतवाली शहर क्षेत्र में हुई, जहां संपत्ति विवाद के चलते महिला पर कथित रूप से उसके ममेरे ससुर और उनके पुत्र ने हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार कोतवाली शहर क्षेत्र के नुमाइश पुरवा निवासी पूजा श्रीवास्तव का अपने दिवंगत पति अभिषेक श्रीवास्तव के पैतृक मकान को लेकर पति के मामा विनोद श्रीवास्तव से विवाद चल रहा है। 

पूजा के पति, ससुर और सास का पहले ही निधन हो चुका है। महिला का आरोप है कि उसकी संपत्ति पर ममेरे ससुर ने कब्जा कर रखा है। इसी विवाद में एक फरवरी को पूजा ने विनोद, उनकी पत्नी संजू और पुत्र उत्कर्ष के खिलाफ मारपीट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि शनिवार को जब पूजा अपनी पांच वर्षीय पुत्री यशी के साथ घर पहुंची तो उस पर समझौते का दबाव बनाया गया। 

विरोध करने पर पहले बच्ची पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद महिला को घर के भीतर घेरकर मारपीट की गई। घर में उत्पन्न अफरा-तफरी के बीच घायल अवस्था में बालिका यशी करीब 200 मीटर दूर स्थित कोतवाली शहर पहुंची और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से कहा कि उसकी मां को घर में बंद कर पीटा जा रहा है।

बालिका की सूचना पर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और उसे साथ लेकर मौके पर पहुंच गई। पुलिस को घटनास्थल पर महिला पर हमला करने के आरोप में उसके ममेरे ससुर विनोद और उनके पुत्र उत्कर्ष मिले, जिन्हें मौके से हिरासत में ले लिया गया। मां-बेटी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि महिला की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।  

संबंधित समाचार