Moradabad: ऑस्ट्रेलिया में कुणाल का कमाल, आईटीटीएफ वर्ल्ड पैरा फ्यूचर में जीता कांस्य पदक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। रामगंगा विहार निवासी कुणाल अरोड़ा ने ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित आईटीटीएफ वर्ल्ड पैरा फ्यूचर गोल्ड कोस्ट-2026 चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश और शहर का नाम रोशन किया। 16 से 18 फरवरी तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में कुणाल ने सिंगल और मेंस डबल्स दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया।

सिंगल मुकाबलों में कुणाल का सामना ऑस्ट्रेलिया और जापान के खिलाड़ियों से हुआ। दोनों ही मैच बेहद कड़े और नजदीकी स्कोर वाले रहे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने हौसला नहीं छोड़ा और डबल्स मुकाबले में दमदार वापसी की।

मेंस डबल्स में कुणाल अरोड़ा ने तेलंगाना के हितेश डोलवानी के साथ जोड़ी बनाई। पहले मुकाबले में भारतीय जोड़ी को ऑस्ट्रेलिया की टीम के खिलाफ 0-3 से हार झेलनी पड़ी, लेकिन दूसरे मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए ऑस्ट्रेलिया की ही दूसरी टीम को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

सेमीफाइनल में मुकाबला जापान के खिलाड़ियों से हुआ। यह मैच भी बेहद रोमांचक और नजदीकी रहा, लेकिन अंततः कुणाल और हितेश को हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

कुणाल अरोड़ा इससे पहले भी भारतीय टीम की ओर से देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस कांस्य पदक के साथ अब उनके राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुल 33 पदक हो चुके हैं। कुणाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता यशपाल अरोड़ा और सोनिया अरोड़ा तथा अपने कोच को दिया।

 

संबंधित समाचार