Kaushambi News: कौशांबी में पुलिस पर पत्थरबाजी, चार घायल
कौशांबी। उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सैनी क्षेत्र के गौराहार गांव में अवैध कब्जे की जांच करने पहुंची राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम पर आरोपी पक्ष द्वारा की गई पत्थरबाजी में तीन पुलिसकर्मी और एक राजस्व निरीक्षक घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि गौराहार गांव निवासी जय सिंह ने वर्ष 2004 में ग्राम सभा की भूमि पर मकान बनाया था और उसे बंद कर परिवार सहित रोजगार के लिए हरियाणा चला गया था।
आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस की फुलनी देवी ने मकान का ताला तोड़कर उस पर कब्जा कर लिया। जय सिंह के वापस लौटने पर उसने एसडीएम सिराथू से लिखित शिकायत की। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसडीएम के निर्देश पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। शनिवार को नायब तहसीलदार अतुल वर्मा के नेतृत्व में टीम ने गांव पहुंचकर विवादित मकान की पैमाइश की।
जांच में मकान ग्राम सभा की भूमि पर निर्मित पाया गया, जिस पर फुलनी देवी द्वारा कब्जा किया गया था। बताया गया है कि पैमाइश के दौरान आरोपी पक्ष के लोग उग्र हो गये और पुलिस व राजस्व टीम पर पथराव कर दिया। घटना में आरक्षी भानु, लोकेंद्र, कामता तथा राजस्व निरीक्षक रियाज अहमद घायल हो गये। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने नायब तहसीलदार अतुल कुमार वर्मा की तहरीर पर फुलनी देवी सहित 15 लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों शिव सिंह और मंगल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये गांव में पीएसी एवं पुलिस बल तैनात किया गया है। नायब तहसीलदार ने बताया कि विवादित मकान को सील कर दिया गया है।
