Bareilly: मौसम में बदलाव...जुकाम-बुखार और डायरिया कर रहा बेहाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव ने जुकाम, बुखार के साथ डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ा दी है। जिला अस्पताल की ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या अधिक रही। पर्चा काउंटर से दवा काउंटर तक मरीजों की भीड़ दिखी।

शनिवार सुबह आठ बजे जिला अस्पताल में मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार दोपहर दो बजे तक कुल 1690 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे। इनमें बड़ी संख्या ऐसे मरीज की थी जो सर्दी-खांसी, बुखार और डायरिया से पीड़ित थे। 

डॉक्टरों का कहना है कि बदलते मौसम और खान-पान में लापरवाही के कारण इस तरह की बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या 281, डायरिया के लक्षण वाले लगभग 47 रोगी आए। इनमें से 11 मरीजों के ब्लड के सैंपल भी लिए गए। ओपीडी में सबसे अधिक जांचें सीवीसी की कराई गईं। सीवीसी जांच से इंफेक्शन, सूजन, एनीमिया जैसी गंभीर बीमारियों का पता चलता है।

जिला अस्पताल के डॉ. राहुल बाजपेई ने बताया कि डायरिया होने पर मरीजों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उबला या साफ पानी पीने का प्रयास करें। हल्का और सुपाच्य भोजन लेना चाहिए। तला, मसालेदार, कैफीन, शराब, अधिक दूध वाले उत्पादों से बचना चाहिए। सबसे अहम बात कि पानी की कमी न होने दें। ओआरएस और नींबू पानी का सेवन करें।

संबंधित समाचार