लखनऊ : वॉक-इन इंटरव्यू का रिजल्ट जारी, 20 फरवरी तक ज्वॉइनिंग अनिवार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खाली पड़े हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर व पीएचसी में इसी माह होगी डॉक्टरों की तैनाती

लखनऊ, अमृत विचार : हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी मेडिकल अफसर के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पिछले माह आयोजित वॉक-इन इंटरव्यू का परिणाम जारी कर दिया गया है। चयनित डॉक्टरों के लिए ज्वॉइनिंग की अंतिम तिथि 20 फरवरी निर्धारित की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित तिथि तक ज्वॉइन करने वाले डॉक्टरों की तैनाती इसी माह कर दी जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के अधीन जिले में 108 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और 54 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) संचालित हैं। इनमें से 16 केंद्र लंबे समय से डॉक्टरों के अभाव में खाली चल रहे हैं। डॉक्टर न होने के कारण मरीजों को उपचार के लिए अन्य केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर केंद्र फार्मासिस्ट और स्टाफ नर्स के भरोसे संचालित हो रहे हैं, जहां सामान्य बीमारियों की दवा देकर मरीजों को वापस किया जाता है तथा गंभीर स्थिति में उन्हें अन्य अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है।

रिक्त पदों को भरने के लिए 7 जनवरी को सीएमओ कार्यालय में 55 पदों हेतु वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया गया था। अब उसका परिणाम घोषित कर दिया गया है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि 20 फरवरी के बाद ज्वॉइन करने वाले डॉक्टरों की सेवाएं स्वीकार नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि खाली केंद्रों पर शीघ्र तैनाती से मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा।

ये भी पढ़ें : महाशिवरात्रि पर शिवमय हो उठी काशी, भूत-प्रेत संग निकली महादेव की भव्य बारात  

 

संबंधित समाचार