Mahashivratri 2026 : महाशिवरात्रि पर बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ा भक्तों का रेला, साढे़ पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई हाजिरी
वाराणसी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। पूरा धाम 'हर हर महादेव' के उद्घोष से गूंज रहा है। मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम और शास्त्रानुसार विधि-विधान से मनाया जा रहा है। सायंकाल तक 5 लाख 46 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया है।
दर्शनार्थियों की लंबी कतारें अभी भी लगी हुई हैं। सभी को सुगमता से दर्शन कराए जा रहे हैं। दर्शनार्थियों के बीच फलाहार और फलों का वितरण किया जा रहा है। छोटे बच्चों को खिलौनों का वितरण भी किया जा रहा है। बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मंदिर न्यास से जुड़े कर्मचारी लगातार उनके सहयोग में जुटे हुए हैं। भीड़ को देखते हुए स्पर्श दर्शन पूरी तरह बंद रखा गया है। सभी को केवल झांकी दर्शन दिया जा रहा है।
मुंबई से आए श्रद्धालु उमा शिंदे ने बताया कि महाशिवरात्रि पर बाबा के दिव्य दर्शन हुए। भीड़ काफी थी, लेकिन पुलिस प्रशासन और मंदिर प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग कर उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है। झारखंड से आए सुमित अग्रवाल ने कहा कि डेढ़ घंटे कतार में लगने के बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन प्राप्त हुए। धाम परिसर में व्यवस्था काबिले-तारीफ है।
