कानपुर : प्रेमिका से मिलने गए युवक का रेलवे ट्रैक के किनारे मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर, अमृत विचार। गोविंदनगर में शादीशुदा प्रेमिका से मिलने गए युवक का रेलवे ट्रैक के पास शव मिला। घर से निकलने के बाद युवक का मोबाइल स्विचऑफ हो गया। फिर डेढ़ घंटे बाद घरवालों को उसके मौत की खबर मिली। शादी वाले घर में कोहराम मच गया। युवक ने घर से निकलते समय बड़ी बहन से कहा था, किसी को बताना नहीं। उसके लिए साड़ी लाया हूं, वैलेंटाइन डे पर गिफ्ट दूंगा।
परिजनों ने युवती के परिजनों पर हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस हादसा मान रही है। जरौली फेस-टूट निवासी 25 वर्षीय आदर्श शर्मा इंडियन ऑयल के टैंकर पर क्लीनर था। पिता अरविंद की करीब 15 साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में मां शशि, दो बहने संध्या, सपना व छोटा भाई ऋषभ है। छोटी बहन सपना की शादी अभी बीती सात फरवरी को हुई थी।
भाई के मौत की खबर पर वह घर आई है, जबकि बड़ी बहन संध्या शादी में आई थी। उसी से बताकर निकला था। चाचा कमलेश व मामा महेंद्र कुमार ने बताया कि सपना की औरैया ससुराल से 16 फरवरी को चौथी लेने जाना था। इसलिए शनिवार शाम आदर्श खरीदरी करने गया था। दोपहर 2.30 बजे बाजार से घर लौटा था। उसके बाद बाहर निकला था।
परिजनों ने बताया कि आदर्श दो साल पहले फैक्ट्री में काम करता था। तभी उसका वहीं काम करने वाली युवती से प्रेम प्रसंग हो गया था। युवती की छह माह पहले ही शादी हो चुकी है, लेकिन उनकी मुलाकात होती रहती थी। चाचा ने बताया कि 14 फरवरी की शाम 5.30 बजे आदर्श मां की दवा लाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन उसने बड़ी बहन संध्या से गुजैनी निवासी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने जाने की बात कही थी। उसने बहन से कहा कि उसे वैलेंटाइन डे पर साड़ी देगा। जिसे वह खरीद लाया है। किसी को बताना नहीं, एक घंटे में आऊंगा।
घर से निकलते ही उसने अपने दोस्तों से भी प्रेमिका से मिलने जाने की बात बताई थी। रात करीब नौ बजे आदर्श का शव दबौली वेस्ट स्थित खारजा नहर के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस को शव के पास उसके साथी शिवम का आई कार्ड मिला। पुलिस ने उसे फोन किया। फिर उससे नंबर लेकर आदर्श के भाई को हादसे की जानकारी दी। खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। गोविंदनगर थाना प्रभारी रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
डेढ़ घंटे स्विचऑफ रहा फोन
आदर्श के चाचा श्यामू ने बताया कि उन्होंने करीब साढ़े सात बजे उसे फोन किया था। तब उससे बात हुई। उन्होंने कहा कि खाना खाने के लिए सभी लोग बैठे हैं, जल्दी आओ। इस पर हां कहा था। इसके 10 मिनट बाद फोन किया तो मोबाइल स्विचऑफ मिला। इसी बीच उसके साथ घटना हुई है।
प्रेमिका के पति से हो चुका था झगड़ा
आदर्श के परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले भी वह अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। तब युवती के पति ने आदर्श को पकड़ लिया था। प्रेमिका के पति से उसका झगड़ा हुआ था। उसने धमकाया था। आरोप है कि उसका पति पत्नी पर नजर रख रहा था। आशंका जताई कि आदर्श फिर पकड़ा गया है और यह घटना हो गई।
