बुद्धेश्वर में पकड़ा 750 लीटर मिलावटी खाद्य तेल: कृत्रिम रंग और एसेंस मिलाकर किया था तैयार, होली पर बाजार में खपाने की थी तैयारी
लखनऊ, अमृत विचार : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) ने बुद्धेश्वर में छापेमारी कर 750 लीटर मिलावटी खाद्य तेल पकड़ा है। होली के त्योहार पर इसे बाजार में खपाने की तैयारी थी। बरामद खाद्य तेल में 150 लीटर सरसों तेल और 600 लीटर राइस ब्रान ऑयल शामिल है। इसका बाजार मूल्य करीब 1 लाख रुपये है।
एफएसडीए के सहायक आयुक्त खाद्य विजय प्रताप सिंह ने बताया कि टीम ने बुद्धेश्वर स्थित ''शिवम जनरल स्टोर'' पर छापेमारी की। मौके से टीम ने सरसों के तेल और राइस ब्रान ऑयल ,कृत्रिम रंग और एसेंस के नमूने सील करके प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं।
कृत्रिम रंग और एसेंस मिलाकर यह खाद्य तेल तैयार किया गया था, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। एफएसडीए ने खाद्य संचालक कैलाश गुप्ता उर्फ कैलाश चन्द्र निवासी- नया मॉडल सिटी, राजाजीपुरम के विरूद्ध थाना-पारा में एफआईआर दर्ज करायी है।
रायपुर डेयरी में नष्ट कराया दुर्गंधयुक्त मिल्क केक और बरफी
त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए एफएसडीए की टीमों ने शनिवार को विभिन्न प्रतिष्ठानो पर छापेमारी की। बरफी रायपुर डेयरी में टीम को मिल्क केक और बरफी अत्यंत दुर्गंधयुक्त और खराब स्थिति में मिला।
जिसे टीम ने मौके पर नष्ट करा दिया और प्रतिष्ठान को तत्काल बंद कराया। गिरीकुंज हरदोई मार्ग स्थित कुमार कोल्ड स्टोरेज में 80 किग्रा खजूर सड़ा गला होने के कारण नष्ट करा दिया। इसके अलावा टीम ने ठाकुरगंज खोया मंडी से खोया के दो नमूने लिए।
